Trending

यूपी के बुनकरों के लिए योगी सरकार का एक और महत्वपूर्ण कदम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बुनकर भाई-बहनों की आय में वृद्धि, सम्मान और आजीविका की स्थिरता सुनिश्चित करना राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने इस क्षेत्र के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए समन्वित और परिणामोन्मुखी दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। यूपी सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने बृहस्पतिवार को हथकरघा विभाग की समीक्षा बैठक में कहा कि बुनकर केवल परंपरा के संरक्षक ही नहीं हैं बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था के एक मजबूत स्तंभ भी हैं। ऐसे में उनकी आय, सम्मान और आजीविका की स्थिरता सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को बुनकर-बहुल क्षेत्रों की पहचान कर संकुल आधारित नई विकास योजना तैयार करने और उसमें उत्पादन, गुणवत्ता तथा विपणन को एकीकृत करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि इनको केवल उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय डिजाइन, ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बाजार तक पहुंच को शामिल करते हुए समन्वित तंत्र विकसित किया जाना चाहिए। अधिकारियों के मुताबिक प्रदेश में करीब 1.99 लाख बुनकर कार्यरत हैं और उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में देश में छठवें स्थान पर है। वर्ष 2024-25 में देश का कुल हथकरघा निर्यात 1178.93 करोड़ रुपये रहा जिसमें उत्तर प्रदेश का योगदान 109.40 करोड़ (लगभग 9.27 प्रतिशत) रहा।

Related Articles

Back to top button