डब्ल्यूटीटी कंटेंडर ताइयुआन: मनिका बत्रा ने विश्व नंबर-25 मियू किहारा को हराकर अंतिम 16 में बनाई जगह

ताइयुआन (चीन : वर्ल्ड टेबल टेनिस (डब्ल्यूटीटी) कंटेंडर ताइयुआन प्रतियोगिता में भारत की अनुभवी खिलाड़ी मनिका बत्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ा उलटफेर किया। दो बार ओलंपिक में भाग ले चुकीं मनिका ने गुरुवार को जापान की छठी वरीयता प्राप्त और विश्व रैंकिंग में 25वें स्थान की खिलाड़ी मियू किहारा को हराकर अंतिम 16 में प्रवेश किया।
विश्व रैंकिंग में 49वें स्थान पर काबिज मनिका ने किहारा को 43 मिनट तक चले कड़े मुकाबले में 3-2 (11-8, 10-12, 14-12, 9-11, 11-7) से मात दी। अब उनका सामना अगले दौर में जापान की मियू हिरानो से होगा, जो वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 36वें स्थान पर हैं।
मनिका ने पहला गेम आसानी से जीत लिया और दूसरे गेम में 6-2 की बढ़त बना ली थी। हालांकि किहारा ने शानदार वापसी करते हुए दो अंक बचाए और मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
तीसरे गेम में भी किहारा ने 8-10 से पिछड़ने के बाद लगातार तीन अंक जीतकर बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन इस बार मनिका ने संयम बनाए रखा और यह गेम जीतकर 2-1 की बढ़त हासिल कर ली।
चौथे गेम में कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां किहारा ने मामूली अंतर से जीत दर्ज कर मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।
पांचवें और अंतिम गेम में 3-3 की बराबरी के बाद मनिका ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पूरी तरह नियंत्रण बना लिया और पहला मैच प्वाइंट जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। यह मनिका की किहारा के खिलाफ तीन मुकाबलों में पहली जीत है।



