Trending

काशी किंग्स, मथुरा ब्रजस्टार और गाजियाबाद पैंथर्स की शानदार जीत

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक खुद कोर्ट पर उतरे, दमदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों में भरा जोश

लखनऊ। रफ्तार, रोमांच और सटीक रणनीति के खेल हैंडबॉल के यूपी में नए अध्याय की शुरुआत गुरुवार को ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ के रुप में हो गई।

उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आदि योगी प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेली जा रही लीग का टाइटल स्पांसर टाटा कैपिटल है। लीग के पहले दिन काशी किंग्स, मथुरा ब्रजस्टार और गाजियाबाद पैंथर्स ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की।

यूपी प्रो हैंडबॉल लीग का धमाकेदार आगाज़

लीग का भव्य उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया। उन्होंने न केवल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि खुद कोर्ट पर उतरकर और दमदार शॉट लगाते हुए खिलाड़ियों के जज्बे को परखा।

मुख्य अतिथि ने अपने आर्शीवचन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों का बजट दोगुना हुआ है और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल रही हैं।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार भी खिलाड़ियों का पूरा ध्यान रख रही है और सीधी भर्ती के माध्यम से सरकारी नौकरियों का सम्मान भी प्रदान कर रही है। उन्होंने आयोजन को मूर्तरुप देने के लिए डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय की सराहना की।

इस दौरान विशिष्ट अतिथि विधायक ओपी श्रीवास्तव (लखनऊ पूर्वी विधानसभा) ने भी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि कि लीग का आयोजन प्रदेश के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

अतिथिगण व प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए लीग के संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय ने बताया कि लीग का मुख्य लक्ष्य यूपी के खिलाड़ियों को क्रिकेट और कबड्डी जैसा प्रोफेशनल इकोसिस्टम’ देना है।

अविनाश के प्रहार से काशी किंग्स की विजयी शुरुआत

लीग के उद्घाटन मैच में काशी किंग्स ने गोरखपुर राउडीज के खिलाफ कड़े संघर्ष के बाद 19-17 की रोमांचक जीत से शानदार शुरुआत की। कांटे की इस टक्कर में दोनों टीमों ने एक-दूसरे के अभेद्य डिफेंस को भेदने के लिए अटैक की झड़ी लगा दी। पहले हॉफ में काशी किंग्स 11-8 से आगे थी।

टीम की जीत में राष्ट्रीय खिलाड़ी अविनाश ने नौ शानदार गोल दागे और मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर बने। वहीं आइकन प्लेयर अनीश यादव व मोहित घंघास ने तीन-तीन गोल करते हुए जीत में अहम भूमिका निभाई। गोरखपुर राउडीज़ से सुनील ने पांच, पवन व मोहम्मद शूजा ने चार-चार गोल किए।

निहाल और रवि की जुगलबंदी से मथुरा ब्रजस्टार की बड़ी जीत

दूसरे मैच में मथुरा ब्रजस्टार ने बर्बरीक वारियर्स के खिलाफ 34-29 से बड़ी जीत दर्ज की। मथुरा की ओर से आइकन प्लेयर निहाल जायसवाल और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रवि ने शानदार जुगलबंदी का प्रदर्शन करते हुए 10-10 गोल दाग प्रतिद्वंद्वी डिफेंस की धज्जियां उड़ा दीं। वहीं शानदार तालमेल का प्रदर्शन करने वाले मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर शिवा ने आठ गोल किए।

गाजियाबाद पैंथर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स को दी शिकस्त

तीसरे मैच में गाजियाबाद पैंथर्स ने नोएडा ब्लास्टर्स को 27-21 से पराजित किया। गाजियाबाद पैंथर्स से मोहित ने सर्वाधिक आठ गोल किए और मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर बने। अमन व विवेक ने पांच-पांच गोल किए। टीम ने आक्रामकता की बदौलत दबाव बनाए रखा। वहीं नोएडा से तौसीफ ने सर्वाधिक आठ गोल किए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

आज उद्घाटन समारोह में लीग चेयरमैन संतोष कुमार पाण्डेय, अध्यक्ष प्रखर शुक्ला, सचिव यशवीर सिंह व चयंक प्रधान, रेफरी बोर्ड के चेयरमैन अतनू मजूमदार, एसएन पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट की ट्रस्टी उपमा पाण्डेय, उपनिदेशक खेल मुद्रिका पाठक, ब्रांड एंबेसडर और जानी-मानी अभिनेत्री सबिता कलवार सहित यूपी हैंडबॉल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव डॉ. सुमंत पाण्डेय और यूपी वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव सुनील तिवारी भी मौजूद रहे।

दूसरे दिन (10 अप्रैल) के मैच :

काशी किंग्स बनाम बर्बरीक वॉरियर्स – 2:15 PM
गोरखपुर राउडीज़ बनाम गाजियाबाद पैंथर्स – 3:40 PM
मथुरा ब्रज स्टार बनाम नोएडा ब्लास्टर्स – 5:00 PM

Related Articles

Back to top button