कमर की सर्जरी के बाद राशिद खान का बड़ा संकेत—भारत टेस्ट से रह सकते हैं बाहर
कमर के ऑपरेशन के बाद टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने की डॉक्टर की सलाह मिलने के बाद अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान ने संकेत दिए हैं कि वह जून में भारत के खिलाफ मुल्लांपुर में होने वाले टेस्ट से बाहर रह सकते हैं।
राशिद ने कहा कि उनकी प्राथमिकता 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए फिट रहना है। राशिद ने 2023 वनडे विश्व कप के बाद कमर की सर्जरी कराई थी। उन्होंने बताया कि डॉक्टर ने उन्हें टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने की सलाह दी है, लेकिन इसके बावजूद पिछले साल उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ एक टेस्ट खेला, जिसमें उन्होंने 54 ओवर डालकर 11 विकेट हासिल किए थे।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ गुजरात टाइटंस की एक रन से जीत के बाद राशिद ने कहा, “यह काफी कठिन सवाल है। डॉक्टर ने मुझे सबसे पहले टेस्ट क्रिकेट से दूर रहने के लिए ही कहा था। इसके बावजूद मैंने जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट खेला।”

उन्होंने आगे कहा, “डॉक्टर ने मुझसे कहा कि अगर क्रिकेट नहीं खेलना चाहते हो तो टेस्ट क्रिकेट खेलते रहो।” उन्होंने कहा, “वनडे क्रिकेट में मुझे मजा आता है और मैं अफगानिस्तान के लिए लंबे समय तक खेल सकता हूं। लेकिन एहतियात बरतनी होगी ताकि खुद पर अधिक बोझ न डालूं।”
आईपीएल के बाद भारत के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “आप काफी कठिन सवाल पूछ रहे हैं। मैं 2025 में एक टेस्ट खेल चुका हूं और अब विश्व कप की तैयारी करूंगा। अगर उस टेस्ट में कमर में फिर से तकलीफ हो गई तो? मैं सौ टेस्ट नहीं खेल सकता। अगर मैं साल में एक टेस्ट खेल रहा हूं तो सौ साल तक तो खेलूंगा नहीं। इसलिए टेस्ट क्रिकेट में कोई लक्ष्य नहीं है।”



