अक्षर पटेल बोले- ‘मुस्कुराते रहेंगे’, एक रन से हार के बाद भी टीम का हौसला कायम
दिल्ली कैपिटल्स को अपने होम ग्राउंड अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेले गए रोमांचक मैच में 1 रन से हार मिली। तय जीत हाथ से निकल जाने के कारण दिल्ली के खिलाड़ी काफी निराश दिखाई दिए।
कप्तान अक्षर पटेल ने टीम को सकारात्मक बने रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “सीजन की शुरुआत में ही मैंने कहा था कि हमें अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना है और हर स्थिति में शांत रहना है।
हम सभी निराश हैं, लेकिन कोई बात नहीं, हम मुस्कुरा सकते हैं। यह एक लंबा टूर्नामेंट है। अगर उसने (डेविड मिलर) वे छक्के नहीं लगाए होते, तो शायद हम मुकाबले में ही नहीं होते। अब हम चेन्नई जाएंगे और नई शुरुआत करेंगे।”

गुजरात की दिल्ली के खिलाफ यह जीत इस सीजन के तीसरे मैच में उनकी पहली जीत रही। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 210 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की ओर से शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली।
आखिरी ओवर में डीसी को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे और गेंदबाजी प्रसिद्ध कृष्णा कर रहे थे। पहली गेंद पर विप्राज निगम ने चौका जड़ दिया, लेकिन दूसरी गेंद पर वह आउट हो गए। तीसरी गेंद पर कुलदीप यादव ने एक रन लेकर स्ट्राइक डेविड मिलर को दे दी।
अब दिल्ली को आखिरी 3 गेंदों पर 8 रन चाहिए थे। मिलर ने चौथी गेंद पर शानदार छक्का जड़ दिया। आखिरी 2 गेंदों पर जीत के लिए 2 रन की जरूरत थी, लेकिन मिलर ने सिंगल नहीं लिया और यही बड़ी गलती साबित हुई।
अंतिम गेंद पर बल्ले से संपर्क नहीं हुआ और रन लेने की कोशिश में कुलदीप यादव रन आउट हो गए। उन्हें विकेटकीपर जोस बटलर ने रन आउट किया। इस तरह दिल्ली के हाथ से जीत निकल गई। मिलर नाबाद 41 रन बनाकर निराश लौटे। इस जीत के साथ गुजरात ने सीजन में अपना खाता खोला, जबकि दिल्ली को पहली हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली का अगला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 11 अप्रैल को खेला जाएगा।



