Trending

बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप: आयुष शेट्टी का बड़ा धमाका, दुनिया के 7वें नंबर के खिलाड़ी लिन को चटाई धूल

भारत के आयुष शेट्टी ने बुधवार को यहां बैडमिंटन एशियाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन के विश्व रैंकिंग में सातवें नंबर के खिलाड़ी लिन शी फेंग को सीधे गेम में हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

पिछले साल यूएस ओपन सुपर 300 का खिताब जीतने वाले विश्व के 25वें नंबर के खिलाड़ी आयुष ने यह मुकाबला 51 मिनट में 21-13, 21-16 से अपने नाम किया। मैच की शुरुआत में लिन ने 4-1 की बढ़त बना ली थी, लेकिन आयुष ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया।

इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे खेल पर नियंत्रण बनाकर पहला गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में चीन के खिलाड़ी ने फिर से अच्छी शुरुआत करते हुए 4-1 से बढ़त हासिल की और इसे 12-9 तक बढ़ा दिया। लेकिन आयुष ने लगातार छह अंक बनाकर मैच का रुख पलट दिया और स्कोर 18-13 कर लिया।

साभार : गूगल

लिन ने अंतर कम करते हुए स्कोर 16-18 कर दिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपना संयम बनाए रखा और खिताब के दावेदार माने जा रहे लिन को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

भारत का कोई भी खिलाड़ी 1965 के बाद इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पुरुष एकल का खिताब नहीं जीत पाया है। तब दिनेश खन्ना ने खिताब जीता था। वहीं, सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने 2023 में पुरुष युगल का खिताब जीता था। इस बार सात्विक की चोट के कारण यह स्टार भारतीय जोड़ी टूर्नामेंट में भाग नहीं ले रही है।

Related Articles

Back to top button