Trending

कैंडिडेट्स शतरंज: दिव्या देशमुख की शानदार जीत, प्रज्ञाननंदा खिताब की दौड़ से पिछड़े

भारतीय शतरंज की युवा सनसनी दिव्या देशमुख ने शानदार वापसी करते हुए ड्रॉ की ओर बढ़ रही बाजी को जीत में बदल दिया और कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के महिला वर्ग में संयुक्त बढ़त हासिल कर ली। वहीं ओपन वर्ग में खेल रहे आर प्रज्ञाननंदा आठवें दौर में नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी से हारने के बाद खिताब की दौड़ से लगभग बाहर हो गए हैं।

महिला वर्ग में विश्व कप विजेता देशमुख ने काले मोहरों से खेलते हुए यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक को हराया और 4.5 अंकों के साथ संयुक्त बढ़त बना ली। अब कुल चार खिलाड़ी शीर्ष स्थान पर बराबरी पर हैं। एक समय ऐसा लग रहा था कि मुकाबला ड्रॉ पर खत्म होगा, लेकिन दिव्या देशमुख ने उम्मीद नहीं छोड़ी और अंतिम क्षणों में अपनी प्रतिद्वंद्वी की एक अनचाही गलती का फायदा उठाकर अहम जीत दर्ज की।

महिला वर्ग में खेल रहीं दूसरी भारतीय खिलाड़ी आर वैशाली ने कजाकिस्तान की बिबिसारा असौबायेवा के साथ ड्रॉ खेला। आठ बाजियों के बाद वह 4.5 अंकों के साथ देशमुख, यूक्रेन की कटेरीना लागनो, चीन की झू जिनर और मुजिचुक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गई हैं।

साभार : गूगल

ओपन वर्ग में शीर्ष पर चल रहे उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने रूस के अंतिम स्थान पर मौजूद एंड्री एसेपेंको के साथ ड्रॉ खेला, जबकि गिरी ने प्रज्ञाननंदा को मात दी। भारतीय खिलाड़ी की यह इस टूर्नामेंट में दूसरी हार है।

सिंदरोव ने आठ में से 6.5 अंक जुटा लिए हैं और खिताब की ओर मजबूती से बढ़ रहे हैं। उनकी बढ़त अब दो अंकों की हो गई है। 700,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में अभी छह दौर का खेल बाकी है। इस प्रतियोगिता का विजेता मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश का सामना करेगा।

सिंदरोव के बाद गिरी और अमेरिका के फैबियानो कारुआना का स्थान है, जो उनसे दो अंक पीछे हैं। प्रज्ञाननंदा, चीन के वेई यी, जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम और हिकारू नाकामुरा 3.5 अंकों के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं, जबकि अंतिम स्थान पर मौजूद एसेपेंको उनसे एक अंक पीछे हैं।

Related Articles

Back to top button