Trending

पश्चिम एशिया से एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की आज 30 उड़ानें

नई दिल्ली : पश्चिम एशिया संकट के बीच टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस दोनों मिलकर आज इस क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 30 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी। वहीं, इंडिगो की चुनिंदा सेवाएं जारी रहेंगी।

 

एयर इंडिया ने सोमवार को एक्स पर जारी बयान में बताया कि पश्चिम एशिया के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस समूह मिलकर 06 अप्रैल को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 30 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानों को संचालित करेगा।

 

एयरलाइन ने बताया कि इन 30 उड़ानों में से 10 उड़ानें संयुक्त अरब अमीरात आने-जाने वाली नॉन-शेड्यूल्ड सेवाएं होंगी; पिछले दिनों की तुलना में एड-हॉक ऑपरेशंस में यह और भी बड़ी गिरावट है। इन उड़ानों का संचालन स्लॉट की उपलब्धता और भारत तथा यूएई के अधिकारियों से मिलने वाली रेगुलेटरी मंजूरी के अधीन होगा।

 

कंपनी के मुताबिक दुबई, अबू धाबी और शारजाह के लिए एड-हॉक उड़ानों के ज़रिए सेवा जारी रहेगी। एयर इंडिया दिल्ली-दुबई सेवा का संचालन करेगी, जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस मंगलौर को दुबई से जोड़ेगी। अबू धाबी के लिए दिल्ली से एयर इंडिया एक्सप्रेस की सीमित सेवा उपलब्ध होगी, और शारजाह को अमृतसर और कन्नूर से जोड़ा जाएगा।

 

इसके अलावा ओमान में मस्कट रूट पर तय ऑपरेशन जारी रहेंगे, जिसमें एयर इंडिया एक्सप्रेस दिल्ली, कन्नूर, मुंबई और तिरुवनंतपुरम से उड़ानें संचालित करेगी। सलालाह में सेवाएँ अभी भी निलंबित हैं। वहीं, इंडिगो एयरलाइन भी अपनी चुनिंदा सेवाएं जारी रखेगा, कंपनी ने कहा इस क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों के बीच एयरलाइंस अपना परिचालन संभाल रही हैं।

Related Articles

Back to top button