Trending

क्रिकेट कवरेज के माहिर संतोष सूरी नहीं रहे

लखनऊ : वरिष्ठ खेल पत्रकार एवं टॉइम्स ऑफ इंडिया लखनऊ के पूर्व खेल संपादक संतोष सूरी का शनिवार को हृदयाघात के कारण निधन हो गया। वह करीब 68 वर्ष के थे।

परिजनो से मिली जानकारी के अनुसार आज भोर करीब तीन बजे उन्हे सीने में दर्द की शिकायत पर गोमतीनगर स्थित डा राममनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टराें ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। उनका अंतिम संस्कार गोमती नगर स्थित बैकुंठ धाम में कर दिया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने उन्हे अश्रुपूरित नेत्रों से श्रद्धाजंलि अर्पित की।

खेल पत्रकार जगत में परफेक्ट जेंटलमैन की पहचान रखने वाले सूरी 1984 में टाइम्स ऑफ इंडिया के लखनऊ संस्करण से जुड़े थे हालांकि 2016 में रिटायरमेंट के बाद वह मिड डे के साथ जुड़ कर लगातार क्रिकेट की रिपोर्टिंग कर रहे थे।

अपने लगभग छह दशक के करियर में उन्होने क्रिकेट विश्वकप समेत कई अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं को कवर किया। सूरी को खेल जगत से जुड़ी हर छोटी बड़ी घटनाओं का विश्लेषण सरल और सटीक अंदाज में करने की महारथ हासिल थी।

उत्तर प्रदेश क्रिकेट और यहां के कई उदयीमान क्रिकेटरों के बारे में उन्हे इतना गहरा ज्ञान था कि उन्हे यूपी क्रिकेट का इन्साइक्लोपीडिया कहा जाता था। उनके साथी और वरिष्ठ पत्रकार असीम मुखर्जी और सैयद सबूर मोहम्मद का कहना है कि सूरी यूपी क्रिकेट पर एक किताब लिखना चाहते थे।

जर्मनी के बर्लिन में 1958 में जन्मे सूरी ने बैंगलोर में पत्रकारिता का ककहरा सीखा था हालांकि गुजरात के जामनगर और पंजाब के पटियाला में भी उन्होने काफी समय गुजारा। सूरी पत्रकारिता के अलावा क्रिकेट खेलने के भी शौकीन थे। उन्होने स्कूल क्रिकेट के अलावा कई क्रिकेट क्लबों में मध्यम तेज गेंदबाज के तौर पर प्रतिनिधित्व किया था।

पूर्व भारतीय बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्दधू के साथ भी उन्होने क्रिकेट खेला जबकि नब्बे के दशक में लोकप्रिय शीशमहल क्रिकेट टूर्नामेंट में डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसियेशन (डीसीए) 11 की ओर से खेलते हुये उन्होने अजय जडेजा को शून्य पर चलता किया था।

उनके सानिध्य में कई युवा पत्रकारों ने खेल पत्रकारिता से जुड़ी बारीकियों को सीखा। सूरी के परिवार में उनकी पत्नी ग्लोरिया और बेटी निकिता हैं। वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर खेल पत्रकार संघों और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने शोक संवेदना व्यक्त की है।

Related Articles

Back to top button