समीर रिजवी के ‘तूफान’ में उड़ी मुंबई इंडियन्स, दिल्ली कैपिटल्स की लगातार दूसरी जीत
मुकेश कुमार और कप्तान अक्षर पटेल की अगुवाई में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद समीर रिजवी की आईपीएल करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी से दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को यहां मुंबई इंडियन्स को 11 गेंद शेष रहते छह विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
मुंबई इंडियन्स को छह विकेट पर 162 रन पर रोकने के बाद दिल्ली ने 18.1 ओवर में चार विकेट पर 164 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पिछले मैच में लखनऊ सुपरजाइंट्स के खिलाफ 47 गेंदों में नाबाद 70 रन की पारी खेलने वाले रिजवी जब क्रीज पर आए, तब दिल्ली का स्कोर दो विकेट पर सात रन था।
उन्होंने 51 गेंदों में सात चौकों और सात छक्कों से 90 रन की पारी खेलने के अलावा पाथुम निसांका (44) के साथ तीसरे विकेट के लिए 49 गेंदों में 66 रन और चौथे विकेट के लिए डेविड मिलर (नाबाद 21) के साथ 39 गेंदों में 78 रन की साझेदारी कर दिल्ली को जीत दिलाई।

मुंबई के लिए दीपक चाहर, मिचेल सैंटनर और कोर्बिन बोश ने एक-एक विकेट लिए। नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या के अस्वस्थ होने के कारण टीम का नेतृत्व कर रहे सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों से 51 रन बनाए।
उन्होंने रोहित शर्मा (35) के साथ तीसरे विकेट के लिए 53 और नमन धीर (28) के साथ पांचवें विकेट के लिए 37 रन की अहम साझेदारी की। रोहित ने 26 गेंदों की पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया, जबकि नमन ने 21 गेंदों में दो चौके और एक छक्का जड़ा।
दिल्ली के लिए मुकेश कुमार ने तीन ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। उन्हें अक्षर (22 रन पर एक विकेट), लुंगी एनगिडी (34 रन पर एक विकेट), विपराज निगम (24 रन पर एक विकेट) और टी नटराजन (24 रन पर एक विकेट) का अच्छा साथ मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। केएल राहुल (1) पहले ओवर में ही दीपक चाहर की लेग स्टंप से बाहर जाती गेंद को ग्लांस करने की कोशिश में विकेटकीपर रायन रिकेल्टन को कैच दे बैठे। अगले ओवर में नीतिश राणा खाता खोले बिना ही जसप्रीत बुमराह के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए।
चाहर अपनी ही गेंद पर निसांका का कैच छोड़ बैठे, जिसका फायदा उठाते हुए निसांका ने अगले ओवर में सैंटनर के खिलाफ दो चौके लगाए। वहीं समीर रिजवी ने शार्दुल ठाकुर के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाकर दबाव कम किया।
दिल्ली ने पावरप्ले में दो विकेट पर 42 रन बनाए, जबकि आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर टीम का अर्धशतक पूरा हुआ। बोश की गेंद पर नमन ने निसांका का कैच टपका दिया और रिजवी ने अगली गेंद पर छक्का जड़कर मुंबई पर दबाव बढ़ाया। उन्होंने अगले ओवर में सैंटनर का स्वागत चौके से किया, लेकिन सैंटनर ने अनुभव का इस्तेमाल करते हुए निसांका को आउट कर दिया।
रिजवी ने बोश के खिलाफ लगातार दो चौके लगाए, जिनमें विकेटकीपर के ऊपर से खेला गया रैंप शॉट शानदार रहा। ओवर की आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के जड़कर उन्होंने दबाव खत्म कर दिया। इस 11वें ओवर में दिल्ली ने 20 रन बनाए।
रिजवी ने मयंक मार्कंडेय के खिलाफ छक्का लगाकर 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। उन्होंने अगली गेंद पर भी छक्का जड़ा।
पिछले दो ओवर में 34 रन देने के बाद सूर्यकुमार ने गेंद बुमराह को सौंपी, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए सिर्फ एक रन दिया। दूसरे छोर से सहयोग न मिलने पर रिजवी ने चाहर और ठाकुर के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी, जिससे आखिरी पांच ओवर में टीम को सिर्फ 25 रन की जरूरत रह गई।
मिलर ने बुमराह के खिलाफ दो चौके लगाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। रिजवी 17वें ओवर में बोश की गेंद पर तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट हुए। वह शतक से चूक गए, लेकिन टीम को जीत के करीब पहुंचाकर आउट हुए।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर रिकेल्टन (9) ने मुकेश के खिलाफ चौका लगाया। दूसरे ओवर में रोहित के आते ही मैदान में उनके नाम के नारे गूंजने लगे। उन्होंने एनगिडी के खिलाफ शुरुआती तीन गेंदों में चौके लगाए।
मुकेश ने उसी ओवर में दो विकेट लेकर दिल्ली को सफलता दिलाई। उन्होंने रिकेल्टन को आउट करने के बाद अपनी ही गेंद पर तिलक वर्मा (0) का कैच लपका। सूर्यकुमार ने चौके से शुरुआत की, लेकिन दिल्ली के गेंदबाजों ने रनगति पर नियंत्रण बनाए रखा।
रोहित और सूर्यकुमार ने छक्के लगाकर रन गति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन रोहित अक्षर की गेंद पर नीतिश राणा को कैच दे बैठे। अक्षर ने आईपीएल में रोहित के खिलाफ अपने रिकॉर्ड को और मजबूत किया। दूसरे छोर से निगम ने शेरफेन रदरफोर्ड (5) को आउट किया। नमन ने नटराजन के खिलाफ चौका लगाकर शुरुआत की, जबकि सूर्यकुमार के एक रन से 14 ओवर में टीम का स्कोर 100 तक पहुंचा।
सूर्यकुमार और नमन ने कुलदीप यादव के खिलाफ छक्के लगाए, जिससे 15वें ओवर में 17 रन बने। सूर्यकुमार ने एनगिडी के खिलाफ दो रन लेकर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली गेंद पर एल्बीडब्ल्यू हो गए।
मिचेल सैंटनर (नाबाद 18) और नमन ने नटराजन के खिलाफ चौके लगाए, लेकिन टीम रन गति बढ़ाने में संघर्ष करती रही। अंतिम ओवर में बोश (नाबाद 11) ने मुकेश के खिलाफ आखिरी दो गेंदों पर चौके लगाकर टीम का स्कोर 160 के पार पहुंचाया।



