दर्द से उबरकर सार्थक सूदन बने एकल चैंपियन, युगल में अथर्व-अनूप विजेता
प्रथम स्वर्गीय डॉ केएसएम यूनुस आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट
लखनऊ। दूसरी वरीय दिल्ली के सार्थक सूदन ने प्रथम स्वर्गीय डॉ केएसएम यूनुस आइटा प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में चोट के बावजूद अपने खेल कौशल और मानसिक दृढ़ता का परिचय देते हुए एकल खिताब जीता। वहीं युगल वर्ग में अथर्व शर्मा व अनूप महादेव बजरंगी ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।
इरम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा प्रायोजित टूर्नामेंट का आयोजन उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व डीजीपी जावीद अहमद (रिटायर्ड आईपीएस) ने विजेताओं को पुरस्कृत करते हुए सम्मानित किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के तौर पर पुनीत अग्रवाल (सचिव, उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन), ख्वाजा फैजी यूनुस (निदेशक, इरम एजुकेशनल सोसायटी), अब्दुल्लाह मसूद (निदेशक, शालीमार ग्रुप) की मौजूदगी रही।

समारोह की अध्यक्षता एसडीएस के संस्थापक सदस्य पवन सागर ने की। इस अवसर पर भारतीय वेटरन टेनिस खिलाड़ी आलोक भटनागर, एसडीएस के संस्थापक सदस्य दीपक पाठक, टूर्नामेंट कोआर्डिनेटर अभिषेक विक्रम सिंह व टूर्नामेंट रेफरी अमृतांजय कुमार भी मौजूद रहे।
एकल फाइनल में दूसरी वरीय दिल्ली के सार्थक सूदन ने हरियाणा के सुनील कुमार के खिलाफ सीधे सेटों में 6-4, 7-5 से जीत दर्ज की। सार्थक ने पहले सेट से ही आक्रामक रुख अपनाया, हालांकि सुनील ने अपने सटीक शॉट चयन से उन्हें कड़ी टक्कर दी। पहला सेट सार्थक ने एक-एक अंक के लिए कड़े संघर्ष के बाद जीता।
सार्थक के लिए ये खिताबी जीत आसान नहीं थी। दरअसल दूसरे सेट में सार्थक के दाएं टखने (Right Ankle) में मोच आ गई। इससे लगा कि उनकी लय बिगड़ जाएगी। फिर भी सार्थक ने मैच खेलना जारी रखा और बेहतरीन जुझारूपन दिखाते हुए सेट और मैच दोनों अपने नाम कर लिए।
युगल वर्ग का फाइनल भी काफी रोमांचक रहा जहां खिताब का फैसला दो टाईब्रेक के बाद सुपर टाईब्रेक में हुआ। इस मैच में अथर्व शर्मा व अनूप महादेव बजरंगी की जोड़ी ने सुनील कुमार व एकलव्य सिंह को 6-7(4), 7-6(4), 10-4 हराया।
पहला सेट टाईब्रेक में गंवाने के बाद अथर्व व अनूप ने दूसरे सेट में शानदार जुगलबंदी का प्रदर्शन करते हुए टाईब्रेक में जीत की बदौलत बराबरी की। फिर तीसरे निर्णायक सेट में अथर्व शर्मा व अनूप ने सुपर टाईब्रेक में जीत के साथ खिताब पर कब्जा जमाया।



