Trending

कोहली की धमाकेदार पारी, आरसीबी ने 10 साल पुराना ‘नासूर चेज’ तोड़ा

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 में धमाकेदार आगाज किया है। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने सीजन ओपनर में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से रौंदा। आरसीबी ने 202 रनों का लक्ष्य 15.4 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर आसानी से हासिल कर लिया।

यह आईपीएल में किसी भी टीम द्वारा चेज किया गया सबसे तेज 200 प्लस टारगेट है। आरसीबी के स्टार क्रिकेटर विराट कोहली ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। बतौर सलामी बल्लेबाज उतरे कोहली ने 38 गेंदों में 69 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें पांच चौके और इतने ही सिक्स हैं। आरसीबी ने एसआरएच के खिलाफ 10 साल से चले आ रहे ‘नासूर चेज’ को खत्म करके नया इतिहास रच डाला है।

आरसीबी ने पहली बार एसआरएच के सामने 190 प्लस का टारगेट चेज करने का कारनामा अंजाम दिया है। एसआरएच ने इससे पहले छह बार आरसीबी को छह 190 प्लस का लक्ष्य दिया था, जिसमें 2016 का फाइनल भी शामिल है।

साभार : गूगल

आरसीबी तब चिन्नास्वामी में आयोजित खिताबी मुकाबले में 209 चेज नहीं कर पाई थी और एसआरएच ने 8 रन से बाजी मार ली। बता दें कि आरसीबी ने 16 साल बाद बेंगलुरु के मैदान पर 200 प्लस रन चेज किए हैं। आरसीबी ने 2010 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के विरुद्ध 204 रन बनाकर जीत हासिल की थी।

आईपीएल में आरसीबी द्वारा चेज किए गए सबसे बड़े टारगेट
228 बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स (लखनऊ, 2025)
204 बनाम किंग्स इलेवन पंजाब (बेंगलुरु, 2010)
202 बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (बेंगलुरु, 2026)
201 बनाम गुजरात टाइटंस (अहमदाबाद, 2024)
192 बनाम राइजिंग पुणे सुपरजायंट (बेंगलुरु, 2016)

सीजन ओपनर में कोहली के अलावा देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार का बल्ला चला। पडिक्कल ने 26 गेंद में 61 रन बटोरे। फिल साल्ट के जल्दी आउट होने के बाद कोहली और पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

दोनों ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 45 गेंद में 101 रन की साझेदारी की। पावरप्ले में आरसीबी ने 76 रन बना लिये थे और सौ रन 8.1 ओवर में बन गए।

पडिक्कल को हेनरिच क्लासेन ने पवेलियन भेजा जिन्होंने हर्षल की गेंद पर पहले लांग आन में कोहली का कैच टपकाया था जब वह 28 रन पर थे। कोहली ने 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। वहीं, पाटीदार ने 12 गेंद में 31 रन बनाए। कोहली ने आखिर में 16वें ओवर में हर्षल पटेल की चार गेंदों पर छक्का और तीन चौके लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।

Related Articles

Back to top button