आईपीएल में संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा का दिलचस्प ट्रांसफर, दोनों टीमों के लिए एक नया अध्याय
पिछले एक दशक से अधिक समय तक राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रहे संजू सैमसन अब आईपीएल में एक नए अंदाज में नजर आएंगे। सोमवार को वे चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी पहनकर उसी राजस्थान रॉयल्स टीम के खिलाफ मैदान में उतरेंगे, जिसे उन्होंने पहले कप्तानी दी थी।
चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रहे रविंद्र जडेजा अब राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए अपनी नई भूमिका निभाने जा रहे हैं। यह बदलाव दोनों टीमों और उनके प्रमुख खिलाड़ियों के लिए आईपीएल के इतिहास में एक दिलचस्प पल बनने जा रहा है।
पिछले दस साल से अधिक समय से सैमसन रॉयल्स टीम के कप्तान और स्टार बल्लेबाज रहे हैं। उनकी कप्तानी में रॉयल्स 2022 में फाइनल तक पहुंची थी।

जिस तरह से चेन्नई की पहचान महेंद्र सिंह धोनी हैं, वैसे ही रॉयल्स की पहचान सैमसन बन गए थे लेकिन इस सत्र से पहले हुई अदला बदली में अब जडेजा रॉयल्स के लिये खेलेंगे और भारत की टी20 विश्व कप जीत के नायक रहे सैमसन चेन्नई टीम का हिस्सा होंगे।
सैमसन ने टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी तीन मैचों में 50 से अधिक रन बनाकर भारत की खिताबी जीत में सूत्रधार की भूमिका निभाई। वह चेन्नई के कप्तान रूतुराज गायकवाड़ के साथ पारी की शुरूआत करेंगे और टीम के कोर नेतृत्व का भी हिस्सा होंगे चूंकि धोनी फिटनेस कारणों से कम से कम दो सप्ताह नहीं खेल पायेंगे।
धोनी टीम के साथ गुवाहाटी नहीं आये हैं और उनकी गैर मौजूदगी में सैमसन तथा गायकवाड़ पर नजरें रहेंगी। धोनी की गैर मौजूदगी में 20 साल के बायें हाथ के स्पिनर हरफनमौला प्रशांत वीर को मौका मिल सकता है जिन्होंने घरेलू टी20 मैचों में प्रभावित किया।
उनके अलावा 14 .2 करोड़ रूपये में खरीदे गए कार्तिक शर्मा भी फोकस में होंगे जो घरेलू सर्किट में छक्के लगाने के अपने हुनर के लिये जाने जाते हैं।
चेन्नई की बल्लेबाजी मजबूत लग रही है चूंकि डेवाल्ड ब्रेविस अब परिपक्व हो चले हैं जबकि शिवम दुबे मध्यक्रम के भरोसेमंद बल्लेबाज बन गए हैं। युवा आयुष म्हात्रे भी तेजी से निखरते जा रहे हैं। गेंदबाजी में नूर अहमद , अकील हुसैन, मैट हेनरी और खलील अहमद जिम्मेदारी संभालेंगे।
रॉयल्स के लिये सैमसन का जाना एक युग का अंक है और रियान पराग की कप्तानी में एक नये दौर की शुरूआत है जो अपने घरेलू मैदान से कप्तानी की शुरूआत करेंगे। जडेजा के आने से टीम का अनुभव और संतुलन बढा है।
उनकी बल्लेबाजी का दारोमदार यशस्वी जायसवाल पर रहेगा। उनके साथ युवा वैभव सूर्यवंशी और फॉर्म में चल रहे शिमरोन हेटमायेर हैं। रॉयल्स के लिये चिंता का सबब उसकी गेंदबाजी है। पिछले सत्र के बाद टीम में कई बदलाव हुए हैं लेकिन जोफ्रा आर्चर की अगुवाई में तेज गेंदबाजों को निरंतरता पर काम करना होगा। स्पिन का जिम्मा जडेजा और रवि बिश्नोई संभालेंगे। पिछले सत्र में चेन्नई आखिरी स्थान पर और रॉयल्स नौवें स्थान पर रही थी।



