आईपीएल में चमके कोहली, टेस्ट में वापसी को लेकर फिर उठी बहस
टी20 और टेस्ट से रिटायर हो चुके विराट कोहली अब सिर्फ वनडे या फिर आईपीएल में फैंस का मनोरंजन करते हुए नजर आते हैं। कोहली का टी20 से रिटायर होने का फैसला तो समझ आता है, मगर टेस्ट क्रिकेट छोड़ने का फैसला अभी भी फैंस और एक्सपर्ट की समझ के परे है।
यही वजह है कि जब भी कोहली के बल्ले से कोई अच्छी पारी निकलती है तो उन्हें बार-बार टेस्ट क्रिकेट में वापसी की सलाह दी जाती है। ऐसा ही कुछ आईपीएल 2026 के पहले मैच के बाद हुआ। हैदराबाद के खिलाफ कोहली ने 69 रनों की शानदार पारी खेल आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाई।
सीएसके के पूर्व खिलाड़ी अंबाती रायडू ने एक क्रिकेट साइट से कहा, “मुझे लगता है कि आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी आना बाकी है। हमने जो देखा है, वह तो बस एक ट्रेलर है। फिटनेस उनके लिए कभी कोई मुद्दा नहीं रही।

मुझे नहीं लगता कि उन्हें अपनी शारीरिक फिटनेस, गेंद पर देर से पहुंचने, या मैदान पर धीमे पड़ने को लेकर कभी कोई परेशानी होगी। एकमात्र चीज़ जो उन्हें पीछे धकेल सकती है, वह है उनकी मानसिक स्थिति। मुझे नहीं लगता कि उनका करियर खत्म होने के करीब भी है। मुझे अभी भी उनमें पांच से छह साल का बेहतरीन खेल बाकी दिखता है।
मुझे लगता है कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट में वापसी करनी चाहिए। उम्मीद है, एक कप्तान के तौर पर। वह भारतीय क्रिकेट में अब तक के सबसे बेहतरीन रेड-बॉल कप्तान रहे हैं, जिन्हें कम से कम मैंने तो देखा है। उन्हें वापसी करनी चाहिए; जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, मुझे लगता है कि उनका बाहर रहना भारतीय क्रिकेट के लिए एक नुकसान है,” उन्होंने आगे कहा।
अगर आप उन्हें कप्तानी सौंपते हैं, तो यह उनके लिए एक बहुत बड़ी प्रेरणा होगी। मुझे लगता है कि डब्लूटीसी जीतना उनके लिए एक शानदार चुनौती होगी। वह इतने फिट हैं कि मुझे नहीं लगता कि फिटनेस कोई चिंता का विषय हो सकता है।”



