Trending

आंद्रे रसल के बाद केकेआर : अभिषेक नायर की नजर नए सितारों और मौकों पर

कोलकाता नाइट राइडर्स के प्रमुख कोच अभिषेक नायर का मानना है कि आईपीएल 2026 उनके कुछ खिलाड़ियों लिए “मौक़ों का सीजन” बन सकता है।

हालांकि वह मुख्य रूप से उन खिलाड़ियों की बात कर रहे थे, जो आंद्रे रसल की कमी को पूरा करने की कोशिश करेंगे, लेकिन यह बात ख़ुद उनके और कप्तान अजिंक्य रहाणे पर भी लागू होती दिखेगी, क्योंकि पिछले साल केकेआर आठवें स्थान पर रही थी।

2025 में केकेआर ने 14 में से सिर्फ़ पांच मैच जीते थे, जब नायर, चंद्रकांत पंडित के तहत सहायक कोच थे। इससे पहले 2024 में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में केकेआर ने ख़िताब जीता था। नायर ने कहा, “आंद्रे रसल इस फ़्रेंचाइज़ी के ध्वजवाहक रहे हैं। पिछले कई सालों में उन्होंने टी20 क्रिकेट में जो किया है, उसे दोहराना मुश्किल होगा। यह मौक़ों का सीजन है।”

साभार : गूगल

2014 में केकेआर से जुड़ने के बाद, रसल ने 2593 रन बनाए और 122 विकेट लिए। उन्होंने नवंबर 2025 में आईपीएल से संन्यास लिया और अब टीम के साथ पावर कोच की भूमिका में काम करेंगे। रसल की कमी को पूरा करने के लिए केकेआर ने नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रूपये में ख़रीदा।

लेकिन नायर ने यह भी संकेत दिया कि उन्हें रिंकू सिंह और रमनदीप सिंह से फ़िनिशर की भूमिका निभाने की उम्मीद होगी। जहां रमनदीप का आईपीएल 2025 शांत रहा और उन्होंने 35 गेंदों में सिर्फ़ 47 रन बनाए, वहीं रिंकू ने 11 पारियों में 153.73 के स्ट्राइक रेट से 206 रन बनाए थे।

नायर ने कहा, “आपके पास रिंकू, रमन होंगे जो पहले भी ऐसा कर चुके हैं। यह उनके लिए नया नहीं है। लेकिन हां, आईपीएल खेलने का दबाव हमेशा रहता है। हम उम्मीद करते हैं कि हर खिलाड़ी अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन करे और अपना नाम बनाए।

लेकिन साथ ही, यह हमारे सेट-अप के कई युवा खिलाड़ियों के लिए मौक़ा है, जो इस टीम की विरासत में अपना नाम जोड़ सकते हैं और अपनी पहचान बना सकते हैं। हमें उम्मीद है कि वे अपने प्रदर्शन को दोहराएंगे और इस मौक़े का इस्तेमाल कुछ ख़ास करने के लिए करेंगे।”

ग्रीन के अलावा, केकेआर के पास रोवमन पॉवेल, टिम साइफ़र्ट, फ़िन ऐलन और रचिन रविंद्र जैसे मज़बूत विदेशी बल्लेबाज़ हैं।

कई ओपनिंग विकल्पों के साथ केकेआर के सहायक कोच शेन वॉटसन ने इसे “बेहतरीन विकल्पों की भरमार” बताया। उन्होंने कहा, “इस केकेआर टीम की ख़ूबसूरती यह है कि हमारे पास कई शानदार विश्वस्तरीय विकल्प हैं। वे कहां फ़िट होंगे, यह हमारे लिए सबसे बड़ी चुनौती होगी।

हमें शुरुआत से सही संयोजन बनाने की कोशिश करनी होगी और फिर टूर्नामेंट के दौरान जरूरत के हिसाब से छोटे बदलाव करने होंगे। कैमरन ग्रीन जैसे ऑलराउंडर की क्वालिटी को देखते हुए… जहां भी उन्हें मौक़ा मिलेगा, वह उसे पूरी तरह भुनाने की कोशिश करेंगे।”

गेंदबाज़ी की बात करें तो केकेआर को शुरुआती चरण में मतीशा पथिराना की कमी खलेगी, जो चोट से उबर रहे हैं।
हर्षित राणा भी घुटने की चोट से उबर रहे हैं और उनके खेलने की संभावना बहुत कम है।

उनके मुख्य स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी टी20 विश्व कप के आख़िरी चरणों में फ़ॉर्म से जूझते दिखे थे। लेकिन नायर को उम्मीद है कि वरुण, नारायण, अनुकूल रॉय और प्रशांत सोलंकी से सजी उनकी मजबूत स्पिन यूनिट उन्हें “मनीबॉल” अंदाज़ में आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने कहा, “जब आप ईडन गार्डन्स में खेलते हैं, तो हर चेज़ में आपको 20-30 अतिरिक्त रन चाहिए होते हैं। यह आसान जगह नहीं है। लेकिन हमारे पास मज़बूत स्पिन डिपार्टमेंट भी है। तो हमें उम्मीद है कि हम मनीबॉल तरीके से आगे बढ़ सकते हैं।

जैसा मैंने कहा, यह क्रिकेट का खेल है। टी20 में टीम बड़ी हो या छोटी, कोई फ़र्क नहीं पड़ता, आप असर डाल सकते हैं। इसलिए हमें भरोसा है कि हमारी गेंदबाज़ी यूनिट को उन अतिरिक्त 20-30 रनों की जरूरत नहीं पड़ेगी।”

Related Articles

Back to top button