Trending

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैचों की वापसी, पिछले साल की भगदड़ के बाद मिली मंजूरी

कर्नाटक सरकार ने सोमवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में इस साल होने वाले आईपीएल के मैचों की मेजबानी करने की औपचारिक मंजूरी दे दी।

इसके साथ ही इस स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन को लेकर पिछले लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता भी समाप्त हो गई। पिछले साल आरसीबी के चैंपियन बनने के बाद यहां आयोजित किए गए समारोह के दौरान मची भगदड़ में कुछ लोगों की जान चली गई थी।

आईपीएल 28 मार्च से शुरू होगा जिसमें मौजूदा चैंपियन आरसीबी उद्घाटन मैच में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगा। यह मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

साभार : गूगल

कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर की अध्यक्षता में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति तथा केएससीए, आरसीबी और उनकी प्रबंधन कंपनी डीएनए के प्रतिनिधियों के बीच बैठक के बाद कर्नाटक सरकार ने औपचारिक मंजूरी दी।

केएससीए के प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने एक बयान में कहा, ‘‘बैठक के दौरान विशेषज्ञ समिति ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और उपायों के संबंध में रिपोर्ट पेश की। समिति की सिफारिश के आधार पर गृहमंत्री ने स्टेडियम में आईपीएल मैचों के आयोजन के लिए औपचारिक मंजूरी दे दी है।’’

आरसीबी ने इससे पहले घोषणा कर दी थी कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच मैच बेंगलुरु में जबकि दो मैच रायपुर में खेलेगा।

Related Articles

Back to top button