न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल की राह मुश्किल, आखिरी ओवर में इंग्लैंड की जीत
सुपर-8 मैच में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने आखिरी 3 गेंदों से मैच अपने नाम किया।
इस जीत की खास वजह थी विल जैक्स की तूफानी और निर्णायक बल्लेबाजी, जिसने टीम को हार के कगार से उबार लिया। इंग्लैंड की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही। फिल सॉल्ट महज 2 रन बनाकर मैट हेनरी का शिकार बने, जबकि जोस बटलर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
दो अहम विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने तीसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी निभाई। ब्रूक 24 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बेथेल ने 4 चौकों से 21 रन जोड़े।
सैम करन और टॉम बैंटन ने पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 42 रन जोड़े। करन ने 22 गेंदों में 24 रन बनाये, जबकि बैंटन 3 चौके और एक छक्के से 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इंग्लैंड का स्कोर 117/6 पर आकर मुश्किल में दिख रहा था और जीत की राह धुंधली लग रही थी। लेकिन इसी वक्त विल जैक्स और रेहान अहमद ने केवल 16 गेंदों में 44 रन की शानदार साझेदारी निभाई और टीम को रोमांचक जीत दिलाई।
जैक्स ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने पारी के 18वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स के खिलाफ 22 रन ठोककर खेल का पासा पलट दिया। वहीं, रेहान अहमद ने 7 गेंदों में 19 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली और इंग्लैंड को जीत दिलाई।
न्यूजीलैंड से गेंदबाजी में रचिन रविंद्र ने 19 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि मैट हेनरी और ग्लेन फिलिप्स ने एक-एक विकेट लिया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए।

टिम सीफर्ट और फिन एलन ने तेज शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। सीफर्ट ने 25 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों से 35 रन बनाये, जबकि एलन ने 19 गेंदों में 29 रन का योगदान दिया। रचिन रविंद्र बल्ले से 11 रन बनाकर आउट हुए।
ग्लेन फिलिप्स ने 28 गेंदों में 4 चौके और 1 छक्का जड़ते हुए 39 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। डेरिल मिचेल 3 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मार्क चैपमैन ने 15 और कप्तान मिचेल सैंटनर नाबाद 9 रन बनाये।
इंग्लैंड की गेंदबाजी में आदिल रशीद ने 4 ओवर में 28 रन खर्च कर 2 विकेट लिए। वहीं, विल जैक्स और रेहान अहमद ने भी 2-2 विकेट लेकर कीवी टीम को दबाव में रखा। न्यूजीलैंड की इस हार के बाद सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है, और कीवी टीम को अब शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान की जीत या हार पर ही निर्भर रहना पड़ेगा।



