Trending

टी20 विश्व कप: भारत बनाम इंग्लैंड – सेमीफाइनल में इतिहास दोहराने की भिड़ंत

भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले गए मैच में टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत हासिल की।

यह टीम के लिए टी20 विश्व कप में छठी बार सेमीफाइनल में प्रवेश करने का गौरव है, और लगातार तीसरी बार जब भारतीय टीम इस स्तर तक पहुंच रही है।

रोमांचक बात यह है कि पिछले दो मौकों की तरह इस बार भी भारतीय टीम का सेमीफाइनल मुकाबला इंग्लैंड के साथ होने वाला है। टी20 विश्व कप में लगातार तीसरी बार भारत-इंग्लैंड की भिड़ंत होने जा रही है।

पिछली दो बार, एक बार इंग्लैंड और एक बार टीम इंडिया ने इस क्लैश में जीत दर्ज की थी। और दिलचस्प तथ्य यह है कि दोनों बार सेमीफाइनल जीतने वाली टीम ने आगे जाकर टूर्नामेंट का खिताब भी जीता था।

साभार : गूगल

टी20 विश्व कप 2022 में भारत और इंग्लैंड का सामना एडिलेड में हुआ था। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने 6 विकेट पर 168 रन बनाए, लेकिन जोस बटलर की अगुवाई वाली इंग्लैंड ने 16 ओवर में बिना किसी विकेट के 170 रन बनाकर 10 विकेट से जीत हासिल की। इंग्लैंड ने इसके बाद फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।

दो साल बाद, टी20 विश्व कप 2024 के सेमीफाइनल में फिर से वही क्लैश देखने को मिला। जॉर्जटाउन में खेले गए मैच में भारत ने 7 विकेट पर 171 रन बनाए, और इंग्लैंड की पूरी टीम 16.4 ओवर में 103 रन पर सिमट गई। इस शानदार जीत के बाद भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब अपने नाम किया।

अब टी20 विश्व कप 2026 का रोमांचक दूसरा सेमीफाइनल भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 5 मार्च को शाम 7 बजे होने जा रहा है। सवाल यही है कि क्या इस बार भी वही टीम सेमीफाइनल जीतकर खिताब तक पहुंच पाएगी?

Related Articles

Back to top button