अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे मैच लखनऊ में, जून में होगी भारत की मेजबानी
बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के आगामी भारत दौरे के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। जून में अफगानिस्तान भारत दौरे पर आएगी। इस दौरे पर भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।
यह टेस्ट मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं होगा, क्योंकि अफगानिस्तान डब्ल्यूटीसी का सदस्य नहीं है। भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से शुरू होगा, जो न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।
बीसीसीआई द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह टेस्ट मैच 6 जून से 10 जून 2026 तक न्यू चंडीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी। वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जून को धर्मशाला में होगी। इसके बाद बाकी दो मुकाबले लखनऊ और चेन्नई में खेले जाएंगे। सभी वनडे मैच दोपहर 1:30 बजे से शुरू होंगे।
गौरतलब है कि भारतीय टीम इस समय टी20 वर्ल्ड कप में भाग ले रही है और टीम इंडिया फाइनल में पहुंच चुकी है। 5 मार्च को उसका मुकाबला इंग्लैंड से होगा, जबकि टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा। टी20 वर्ल्ड कप के बाद खिलाड़ियों को 20 दिनों का विश्राम मिलेगा और 28 मार्च से आईपीएल 2026 की शुरुआत होगी। बताया जा रहा है कि आईपीएल 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा।

ऐसे में भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप के बाद सीधे जून में अफगानिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरती दिखाई देगी। बता दें कि अफगानिस्तान ने साल 2018 में भारत के खिलाफ ही अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। उस मुकाबले में टीम इंडिया ने पारी और 262 रनों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की थी।
अब तक अफगानिस्तान ने कुल 12 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें से 4 में उसे जीत मिली है, 7 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 1 मैच ड्रॉ रहा है।



