नेपाल ने स्कॉटलैंड को 7 विकेट से हराकर खत्म किया जीत का सूखा
टी20 वर्ल्ड कप 2026
नेपाल ने मंगलवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 7 विकेट से जीत हासिल कर अपने अभियान का शानदार अंत किया। दोनों टीमें खिताबी दौड़ से बाहर थीं, यह मुकाबला सम्मान की लड़ाई बन गया, जिसमें नेपाल ने जीत के लंबे सूखे को आखिरकार समाप्त किया।
वानखेड़े स्टेडियम में स्कॉटलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 170 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से और माइकल जोन्स ने टीम को जबरदस्त शुरुआत दी। पहले 10 ओवरों में दोनों ने मिलकर 80 रन जोड़ डाले।
मुन्से 29 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जोन्स ने ब्रैंडन मैकमुलेन के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। जोन्स 45 गेंदों में 3 छक्के और 8 चौकों की मदद से 71 रन बनाकर आउट हुए। मैकमुलेन ने 25 और मार्क वाट ने 10 रन जोड़े।
नेपाल के गेंदबाजों में सोमपाल कामी ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए, नंदन यादव ने 2 और रोहित पौडेल व कुशल भुर्तेल ने एक-एक विकेट हासिल किया। जवाब में नेपाल ने 19.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर जीत का परचम लहराया।

कुशल भुर्तेल और आसिफ शेख ने 9.1 ओवरों में 74 रन की मजबूत साझेदारी निभाई। कुशल 35 गेंदों में 4 छक्के और 1 चौके के साथ 43 रन बनाकर आउट हुए, जबकि आसिफ ने 27 गेंदों में 2 छक्कों के साथ 33 रन की पारी खेली।
टीम शुरुआती झटकों का सामना करते हुए 98 रन पर 3 विकेट खो चुकी थी, लेकिन इसके बाद गुलशन झा और दीपेंद्र सिंह ने चौथे विकेट के लिए 36 गेंदों में 73 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया।

दीपेंद्र 23 गेंदों में 3 छक्के और 4 चौकों के साथ नाबाद 50 रन बनाकर टीम को जीत तक ले गए, जबकि गुलशन ने 17 गेंदों में नाबाद 24 रन जोड़े। स्कॉटलैंड से माइकल लीस्क ने तीन विकेट हासिल किए।



