इग्नू ने प्रवेश एवं पुनः पंजीकरण करने की अन्तिम तिथि 28 फरवरी 2026 तक बढ़ाई

लखनऊ: इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय ने जनवरी 2026 सत्र में स्नातक, परास्नातक, डिप्लोमा, स्नातकोत्तर डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्र कार्यक्रमों में प्रवेश लेने की अन्तिम तिथि 28 फरवरी 2026 तक बढ़ा दी है। इसके साथ ही जनवरी 2026 सत्र में स्नातक एवं परास्नातक स्तर के छात्रों के लिए अगले वर्ष/सेमेस्टर में प्रवेश लेने हेतु पुनः पंजीकरण की अन्तिम तिथि को रूपये 200 विलम्ब शुल्क के साथ 28 फरवरी 2026 तक बढ़ा दिया गया है।
इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, लखनऊ के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ० अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि इग्नू मुक्त, दूरस्थ एवं डिजिटल मोड से उच्च शिक्षा प्रदान करने का एक अग्रणी केन्द्रीय विश्वविद्यालय है और ऐसे कोई उच्च शिक्षा पाने के अभ्यर्थी जो अपने ज्ञान और कौशल का सम्वर्धन करना चाहते हैं. वे इग्नू में प्रवेश लेकर अपने करियर एवं भविष्य को नई ऊचाँई प्रदान कर सकते हैं। डॉ० मिश्र ने बताया कि इग्नू के माध्यम से कोई भी 10+2 उत्तीर्ण विद्यार्थी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप 04 वर्षीय स्नातक कार्यक्रम, 03 वर्षीय ऑनर्स स्नातक कार्यक्रम तथा 03 वर्षीय बहुविषयक कला, विज्ञान एवं वाणिज्य में स्नातक उपाधि में प्रवेश ले सकते हैं। इग्नू के पाठ्यक्रमों से घरेलू महिलायें, कामकाजी लोग एवं युवा अभ्यर्थी प्रवेश लेकर अपने करियर को बेहतर दिशा प्रदान कर सकते हैं। डॉ० मिश्र ने यह भी बताया कि भारतीय ज्ञान परम्परा पर आधारित पाठ्यक्रमों में जनवरी 2026 सत्र में इग्नू ने भारतीय दर्शन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा कार्यक्रम आरम्भ किया है, यह एक वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रम विद्यार्थियों को सांख्य, योग एवं बौद्ध दर्शन, मीमांसा, वेदान्त, जैन दर्शन, शैव, शाक्त एवं वैश्णव दर्शन का ज्ञान प्रदान करेगा।
उप-निदेशक डॉ० अनामिका सिन्हा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु अभ्यर्थी को इग्नू की वेबसाईट पर जाकर दिये गये लिंक https://ignouadmission.samarth.edu.in/ पर जाकर सूचनाओं को अंकित कर एवं आवश्यक दस्तावेजों जैसे शैक्षिक प्रमाण-पत्र, फोटो, हस्ताक्षर को अपलोड करना होता है तथा फीस इग्नू के खाते में क्रेडिट कार्ड/डेबिट कार्ड / यू.पी.आई./नेट बैकिंग के माध्यम से भुगतान किया जाता है। इच्छुक अभ्यर्थी इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, लखनऊ के क्षेत्राधिकार में आने वाले उत्तर प्रदेश के 32 जिलों में स्थित किसी भी अध्ययन केन्द्र पर अपनी सुविधानुसार प्रवेश सम्बन्धी जानकारी ले सकते हैं। इग्नू में प्रवेश हेतु टी०सी० या माईग्रेशन की आवश्यकता नहीं होती है एवं इग्नू बहुत ही कम मूल्य में गुणवत्ता युक्त उच्च शिक्षा प्रदान करता है। इच्छुक अभ्यर्थी 28 फरवरी 2026 तक ऑनलाईन लिंक https://ignouadmission.samarth.edu.in/के माध्यम से प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।



