Trending

केरल के मुस्लिम धार्मिक नेता शेख अबुबकर ने प्रधानमंत्री से की मुलाक़ात

नई दिल्ली : केरल के मुस्लिम धार्मिक नेता और ऑल इंडिया सुन्नी जमीयत उलेमा के महासचिव शेख अबुबकर ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ देश के अल्पसंख्यक समुदाय की समस्याओं के साथ साथ विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मामलों पर भी चर्चा की। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में दी।

 

उन्होंने बताया कि “हमने अलग-अलग सामाजिक, मानवीय, शैक्षिक और विकास के मामलों के साथ-साथ अल्पसंख्यक कल्याण और जरूरी अंतरराष्ट्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर अच्छी चर्चा की। मैंने हाल ही में ‘मानवता के साथ’ के शीर्षक के तहत अपने केरल दौरे के दौरान समाज के अलग-अलग वर्गों से मिली चिंताओं और अनुरोधों की ओर भी उनका ध्यान आकर्षित किया। इसके साथ ही रमज़ान के पवित्र महीने के लिए अपना संदेश देने का भी मौका मिला।”

 

मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने बताया कि वह सुन्नी जमीयत उलेमा और जामिया मरकज़ के नेतृत्व किए जा रहें शैक्षिक व सामाजिक कल्याण के कामों को करीब से देखते हैं। उन्होंने बताया कि पीएम ने इन कोशिशों की तारीफ की और कहा कि ऐसे काम, जो दुनिया भर में भारत की साख बढ़ाने में मदद करते हैं, सच में तारीफ के काबिल हैं।

 

उन्होंने कहा कि हमारी चर्चा में समावेशी विकास की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया, जो समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चले; आर्थिक विकास के साथ-साथ खुशहाली के सूचकांक और मानव विकास को भी समान महत्व दिया जाए; जनसंख्या अनुपात और क्षेत्रीय संतुलन के आधार पर संसाधनों का न्यायसंगत एवं समुचित वितरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही शेख अबूबकर ने वक्फ और एसआईआर से संबंधित चिंताएं; ऐतिहासिक मस्जिदों और इस्लामी विरासत स्मारकों की सुरक्षा; मौलाना आज़ाद नेशनल फेलोशिप सहित अल्पसंख्यक शैक्षिक कल्याण योजनाओं की बहाली; बरेली की घटना सहित निर्दोष लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित करने; उत्तर भारत की इस्लामी संस्थाओं, जैसे मुबारकपुर जामिया अशरफिया, के समक्ष आने वाली चुनौतियों का समाधान; दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ केंद्रों को जोड़ने वाली रेल सेवाओं की शुरुआत; अलीगढ़ विश्वविद्यालय के मलप्पुरम केंद्र का विकास; तथा देशभर में अल्पसंख्यक समुदायों के साथ केंद्र सरकार के अधिक निकट संवाद की आवश्यकता पर भी बल दिया।

 

मुलाकात के दौरान समस्त केरल सुन्नी जमीयत उलेमा के सेक्रेटरी शेख अब्दुल रहमान सकाफी और मरकज़ नॉलेज सिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मोहम्मद अब्दुल हकीम अज़हरी भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button