शिखर धवन ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से हाथ खींचे: ‘देश से बढ़कर कुछ नहीं’
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने रविवार को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के बहुप्रतीक्षित भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले से अपना नाम वापस ले लिया है।

धवन ने सोशल मीडिया पर एक बयान साझा करते हुए पाकिस्तान के खिलाफ सभी मैचों से बाहर होने के अपने फैसले के बारे में बताया। जिसमें उन्होंने इस साल अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले का हवाला दिया।
शिखर धवन ने X पर एक ईमेल की तस्वीर साझा करके लिखा, “जो कदम 11 मई को लिया, उसमें आज भी वैसे ही खड़ा हूं। मेरा देश मेरे लिए सब कुछ है, और देश से बढ़कर कुछ नहीं होता।” उन्होंने इससे पहले 11 मई को अपना रुख व्यक्त किया था, टूर्नामेंट में अपनी भागीदारी की पुष्टि की लेकिन स्पष्ट किया कि वह पाकिस्तान से जुड़े किसी भी मैच में नहीं खेलेंगे।
धवन द्वारा जारी ईमेल की तस्वीर में लिखा है, “प्रिय टीम, मुझे विश्वास है कि यह ईमेल आपको कुशल मंगल लगेगा। यह औपचारिक रूप से दोहराना और पुष्टि करना है कि श्री शिखर धवन आगामी डब्ल्यूसीएल लीग में पाकिस्तान टीम के खिलाफ किसी भी मैच में भाग नहीं लेंगे।
यह निर्णय 11 मई को कॉल और व्हाट्सएप पर हमारी चर्चा के दौरान पहले ही बता दिया गया था।” आगे लिखा है, “वर्तमान भू-राजनीतिक स्थिति और भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव को देखते हुए, श्री धवन और उनकी टीम ने उचित विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है।
हम इस मामले में लीग की समझ और सहयोग का सम्मानपूर्वक अनुरोध करते हैं। यदि आपको किसी अतिरिक्त जानकारी या स्पष्टीकरण की आवश्यकता हो, तो कृपया संपर्क करने में संकोच न करें।” 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के पास हुए आतंकवादी हमले में 26 नागरिक मारे गए थे।
इस हमले की ज़िम्मेदारी शुरू में द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली थी, जिसे लश्कर-ए-तैयबा से संबद्ध माना जाता है। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया था।
बता दें, शिखर धवन ने तो अधिकारिक रूप से इस मैच से हटने का फैसला किया है। वहीं रिपोर्ट्स हैं कि हरभजन सिंह, इरफान पठान, यूसुफ पठान और सुरेश रैना जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच ना खेलने का मन बना चुके हैं।



