सैफ अंडर-20 चैम्पियनशिप: भारत ने भूटान को 5-0 से रौंदा, फाइनल में बांग्लादेश से भिड़ंत
माले (मालदीव) : गत चैंपियन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधवार को सैफ अंडर-20 चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में भूटान को 5-0 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना 3 अप्रैल को…

माले (मालदीव) : गत चैंपियन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधवार को सैफ अंडर-20 चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में भूटान को 5-0 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना 3 अप्रैल को बांग्लादेश से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में नेपाल को 1-0 से हराया।
भारत की इस शानदार जीत के हीरो रोहेन सिंह चाफामायुम रहे, जिन्होंने 56वें और 57वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। इसके अलावा ओमांग डोडुम (4’), मोहम्मद अरबाश (44’) और स्थानापन्न खिलाड़ी मैलेमंगाम्बा थोकचोम (90+2’) ने भी गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया और चौथे मिनट में ही बढ़त बना ली।
बांगसन सिंह ताखेल्लाम्बाम के लंबे पास पर रोहेन ने शानदार दौड़ लगाई और बॉक्स में सटीक क्रॉस दिया, जिसे ओमांग डोडुम ने बेहतरीन अंदाज में गोल में तब्दील कर दिया।
शुरुआती बढ़त के बाद भारत ने खेल पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और लगातार भूटान के गोल पर हमले करता रहा। 44वें मिनट में डोडुम के शानदार मूव पर अरबाश ने गोल कर बढ़त 2-0 कर दी।
दूसरे हाफ में भारतीय टीम और भी आक्रामक नजर आई। 56वें मिनट में रोहेन ने टीम के बेहतरीन संयोजन पर तीसरा गोल किया और इसके ठीक एक मिनट बाद उन्होंने अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया।
मैच के अंतिम क्षणों में मैलेमंगाम्बा थोकचोम ने 90+2वें मिनट में शानदार गोल कर भारत की 5-0 की बड़ी जीत पर मुहर लगा दी।
पूरे मैच में भारत ने शानदार तालमेल, तेज गति और सटीक फिनिशिंग का प्रदर्शन करते हुए भूटान को कोई मौका नहीं दिया और एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
