सुपर 4 से पहले भारत का अंतिम ग्रुप मुकाबला ओमान के साथ
पहले दो मैच में छोटे लक्ष्य आसानी से हासिल करने वाली सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम शुक्रवार को ओमान से खेलेगी। अबू धाबी में होने वाले एशिया कप के अपने अंतिम ग्रुप लीग मैच में भारत ओमान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करना…

पहले दो मैच में छोटे लक्ष्य आसानी से हासिल करने वाली सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम शुक्रवार को ओमान से खेलेगी। अबू धाबी में होने वाले एशिया कप के अपने अंतिम ग्रुप लीग मैच में भारत ओमान के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करना और 20 ओवरों का पूरा इस्तेमाल करना पसंद करेगी।

टीम इंडिया सुपर 4 के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है और रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मैच से इससे पहले ओमान के खिलाफ बल्लेबाजों को मौका देने का यह सुनहरा अवसर है। भारत ने इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और पाकिस्तान के खिलाफ छोटे लक्ष्य आसानी से हासिल किए थे।
अभिषेक शर्मा ने अपेक्षा के अनुरूप तेज़ शुरुआत की है, लेकिन शुभमन गिल को क्रीज पर कुछ समय बिताने की जरूरत है। कप्तान सूर्यकुमार ने पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन वह चाहेंगे कि तिलक वर्मा को बल्लेबाजी करने का कुछ और समय मिले।
भारत अगर फाइनल में पहुंचता है तो उसे सात दिन के अंदर चार मैच खेलने होंगे और इसे देखते हुए टीम प्रबंधन हार्दिक पंड्या, संजू सैमसन, शिवम दुबे और अक्षर पटेल को भी बल्लेबाजी का कुछ मौका देना चाहेगा।
भारतीय गेंदबाजी इतनी मजबूत है कि अगर ओमान पहले बल्लेबाजी करता है, तो मैच जल्दी खत्म होने की पूरी संभावना है क्योंकि जतिंदर सिंह की अगुवाई वाली टीम कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती जैसे गेंदबाजों का सामना कर पाएगी इसकी संभावना बहुत कम नजर आती है।
पाकिस्तान और यूएई के खिलाफ ओमान के दो मैचों में उनकी बल्लेबाजी स्पष्ट रूप से सर्वश्रेष्ठ नहीं थी। उनकी हालत ऐसी रही है कि दो मैचों में एक भी बल्लेबाज़ 30 का व्यक्तिगत स्कोर पार नहीं कर पाया। हम्माद मिर्जा ने पाकिस्तान के खिलाफ 27 रन जबकि आर्यन बिष्ट ने यूएई के खिलाफ 32 गेंदों पर 24 रन बनाए जो इन मैच में उसकी तरफ से सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
मुख्य भारतीय कोच गौतम गंभीर अपनी टीम के साथ ज्यादा प्रयोग नहीं करना चाहेंगे, सिवाय इसके कि वह सुपर 4 से पहले जसप्रीत बुमराह को थोड़ा आराम दे सकते हैं। वह भी अगर वह ऐसा करना चाहें।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच में चार ओवर गेंदबाजी करने और अच्छी तरह से आराम करने के बाद, बुमराह खुद भी शायद ब्रेक नहीं चाहते होंगे, लेकिन जब बात आपके सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज की हो तो फिर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत पड़ती है। इससे टीम को अर्शदीप सिंह को परखने का भी मौका मिलेगा।
टीम प्रबंधन इस मैच में वरुण और कुलदीप में से किसी एक को विश्राम देकर हर्षित राणा को भी मौका दे सकता है। इस मैच में सूर्यकुमार अपने बल्लेबाजी क्रम में थोड़ा बदलाव कर सकते हैं।
भारत के लिए एकमात्र अनजान पहलू शेख़ ज़ायेद स्टेडियम का विकेट होगा, जहां वह इस टूर्नामेंट का अपना एकमात्र मैच खेलेगा। दरअसल भारतीय टीम अभ्यास के लिए भी अबु धाबी नहीं जा रही है क्योंकि वहां पहुंचने में बस से दो घंटे लगते हैं। ओमान के लिए यह बड़ा मैच होगा और उसके खिलाड़ी इसमें अपनी छाप छोड़ने के लिए बेताब होंगे।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
