संविधान दिवस पर माय भारत का बड़ा अभियान: 600 से अधिक जिलों में 'विकसित भारत युवा संवाद', 15-29 वर्ष के युवाओं से जुड़ेंगे

विवेक ओझा
नई दिल्ली: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत मेरा युवा भारत (माय भारत) द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर 24 से 26 नवंबर 2026 तक 'विकसित भारत युवा संवाद' का आयोजन किया जा रहा है। यह देशव्यापी पहल 30 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 600 से अधिक जिलों में 500 से अधिक कॉलेजों में आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष के युवाओं को भारत की विकास यात्रा, उसकी उपलब्धियों और भविष्य की आकांक्षाओं से जोड़ना है।
इस कार्यक्रम का विषय 'विकसित भारत@2047' है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2023 में लाल किले से दिए गए उस आह्वान से प्रेरित है, जिसमें उन्होंने युवा शक्ति से 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की थी। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना और उन्हें देश के विकास में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के तहत सभी संस्थानों में प्रतिभागी सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे, जिससे संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और मजबूत होगी। इसके अलावा विभिन्न संवाद सत्र और जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें युवाओं को भारत की प्रगति, उभरते अवसरों और देश के भविष्य को आकार देने में उनकी भूमिका पर विचार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रतिष्ठित यूथ आइकन भाग लेंगे, जो 'विकसित भारत@2047' विषय पर विशेष प्रस्तुति देंगे। ये प्रस्तुतियां गरीबी उन्मूलन, सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन, नक्सलवाद पर नियंत्रण, स्वस्थ और नशा मुक्त समाज के निर्माण जैसे विषयों पर केंद्रित होंगी। पद्म पुरस्कार विजेता भी छात्रों के साथ संवाद करेंगे और अपने जीवन के अनुभव साझा करेंगे, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।
माय भारत पोर्टल (mybharat.gov.in) पंजीकरण और कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा। यह पहल युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने और 'विकसित भारत@2047' के विजन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
