द इंडियन व्यू

भारत का फूलों का कारोबार: 4,882 हजार मीट्रिक टन उत्पादन, निर्यात 258 मिलियन डॉलर के पार; बना 'सूर्योदय उद्योग'

Poonam Kumari
November 24, 2026
2 min read
भारत का फूलों का कारोबार: 4,882 हजार मीट्रिक टन उत्पादन, निर्यात 258 मिलियन डॉलर के पार; बना 'सूर्योदय उद्योग'

सरिता त्रिपाठी

नई दिल्ली: पीआईबी ने 'ब्लूमिंग बियॉन्ड बॉर्डर्स' शीर्षक से एक विशेष बैकग्राउंडर जारी करते हुए भारत के फूलों के क्षेत्र (फ्लोरीकल्चर) को एक उभरता हुआ 'सूर्योदय उद्योग' बताया है। वर्ष 2025-26 के तीसरे अग्रिम अनुमानों के अनुसार, देश में 410 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फूलों की खेती की गई और कुल 4,882 हजार मीट्रिक टन फूलों का उत्पादन हुआ। इस क्षेत्र में आंध्र प्रदेश देश में अग्रणी राज्य है।

फूलों के निर्यात में भी लगातार वृद्धि हो रही है। वित्त वर्ष 2021-22 में जहां फूलों का निर्यात 216.74 मिलियन अमेरिकी डॉलर था, वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 258.26 मिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया। अमेरिका भारतीय फूलों का सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य है। यह वृद्धि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय फूलों की बढ़ती मांग को दर्शाती है।

फूलों का यह क्षेत्र न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी इसका विशेष स्थान है। भारत में फूलों का उपयोग पूजा-पाठ, शादियों, त्योहारों और विभिन्न सामाजिक आयोजनों में व्यापक रूप से किया जाता है। यह क्षेत्र लाखों लोगों को रोजगार प्रदान करता है, विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को आजीविका का साधन उपलब्ध कराता है।

सरकार इस क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनमें बागवानी मिशन, राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड की पहल और सीएसआईआर के नेतृत्व में फ्लोरीकल्चर मिशन शामिल हैं। इसके अलावा उन्नत किस्मों के विकास, तकनीकी सहायता और बाजार तक पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। पीआईबी के अनुसार, फूलों के क्षेत्र में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने और निर्यात को और अधिक बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें