द इंडियन व्यू

पंत की परीक्षा, राहुल की चुनौती : IPL 2026 का आगाज लखनऊ में

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बुधवार से IPL 2026 का आगाज होने जा रहा है, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह सिर्फ एक ओपनिंग मैच नहीं, बल्कि दोनों टीमों के लिए अपनी रणनीति,…

Ragwendra P Singh
March 31, 2026
2 min read
पंत की परीक्षा, राहुल की चुनौती : IPL 2026 का आगाज लखनऊ में

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बुधवार से IPL 2026 का आगाज होने जा रहा है, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला जाएगा। यह सिर्फ एक ओपनिंग मैच नहीं, बल्कि दोनों टीमों के लिए अपनी रणनीति, संयोजन और फॉर्म को परखने का बड़ा मौका होगा।

खास नजरें लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत पर रहेंगी, जो पिछले सीजन की निराशा को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करने उतरेंगे, जबकि केएल राहुल की अगुआई में दिल्ली स्थिरता और संतुलन की तलाश में होगी।

हालांकि इस बार लखनऊ की टीम पूरी तरह फिट और ज्यादा संतुलित नजर आ रही है। लखनऊ की सबसे बड़ी ताकत इस बार उसका संतुलित संयोजन और मजबूत गेंदबाजी आक्रमण है। मोहम्मद शमी और एनरिक नॉर्टजे के शामिल होने से पेस अटैक काफी खतरनाक हो गया है।

युवा तेज गेंदबाज मयंक यादव ने अपनी फिटनेस पर खास काम किया है, जिससे टीम को उनसे बड़ी उम्मीदें हैं, जबकि मोहसिन खान की वापसी भी गेंदबाजी को और मजबूती देती है। स्पिन विभाग में दिग्वेश राठी और ऑलराउंड विकल्प टीम को गहराई प्रदान करते हैं।

बल्लेबाजी की बात करें तो लखनऊ का टॉप ऑर्डर काफी दमदार दिख रहा है। मिचेल मार्श और एडन मार्करम की ओपनिंग जोड़ी तेज शुरुआत देने की क्षमता रखती है। पंत तीसरे नंबर पर उतर सकते हैं, जबकि मिडिल ऑर्डर में निकोलस पूरन टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।

दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती टॉप ऑर्डर में स्थिरता लाने की है। पिछले सीजन में ओपनिंग जोड़ी लगातार बदलती रही थी। इस बार केएल राहुल पारी की शुरुआत करेंगे, लेकिन उनके जोड़ीदार को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है। मिडिल ऑर्डर में डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स टीम को मजबूती देते नजर आएंगे।

गेंदबाजी में दिल्ली भी किसी से कम नहीं है। कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव जैसे मैच विनर टीम में मौजूद हैं। हालांकि मिचेल स्टार्क चोट के कारण पहला मैच नहीं खेल पाएंगे, लेकिन लुंगी एनगिडी से टीम को अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।