द इंडियन व्यू

आरसीबी के अरमानों पर फिरा पानी, 'धुरंधर' सूर्यवंशी और जुरेल ने दिलाई रॉयल्स को बड़ी जीत

भारतीय क्रिकेट के ‘धुरंधर’ सूर्यवंशी (26 गेंद, 78 रन) से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल मैच में गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को छह विकेट से हराकर अपना अश्वमेधी अभियान जारी रखा। उनकी उम्र के बाकी बच्चे जहां दसवीं बोर्ड…

Ragwendra P Singh
April 10, 2026
3 min read
आरसीबी के अरमानों पर फिरा पानी, 'धुरंधर' सूर्यवंशी और जुरेल ने दिलाई रॉयल्स को बड़ी जीत

भारतीय क्रिकेट के ‘धुरंधर’ सूर्यवंशी (26 गेंद, 78 रन) से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल मैच में गत चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को छह विकेट से हराकर अपना अश्वमेधी अभियान जारी रखा।

उनकी उम्र के बाकी बच्चे जहां दसवीं बोर्ड के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, बिहार के समस्तीपुर के 15 वर्ष के इस लड़के ने आरसीबी जैसी दिग्गज टीम के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य के जवाब में रॉयल्स को दो ओवर बाकी रहते एकतरफा जीत दिलाई।

ध्रुव जुरेल ने 43 गेंद में नाबाद 81 रन बनाकर ‘फिनिशर’ की भूमिका बखूबी निभाई। रॉयल्स को एक बार फिर धमाकेदार शुरूआत दी सूर्यवंशी ने जो इस सत्र में नामी गिरामी गेंदबाजों की बखिया उधेड़ने में तनिक भी नहीं हिचकिचा रहे हैं। पिछले मैच में जहां उन्हें जसप्रीत बुमराह का मानमर्दन किया तो इस बार जोश हेजलवुड की बारी थी।

© Associated Press

टेस्ट क्रिकेट के दिग्गज हेजलवुड की गेंदों पर सूर्यवंशी ने लगातार तीन चौके जड़े। तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह की गेंद पर लांग आन सीमा के ऊपर 80 मीटर का छक्का लगाया। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और सात छक्के मारे।

जुरेल और सूर्यवंशी ने दूसरे विकेट के लिये 6.1 ओवर में 108 रन जोड़े। जुरेल ने अभिनंदन को खासी नसीहत देते हुए उनके एक ओवर में 24 रन बनाये। क्रिकेट जगत में जहां 200 के स्ट्राइक रेट की बात होती है, सूर्यवंशी ने 300 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये। ऐसा लग रहा है मानो वह रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराने ही नहीं बल्कि आक्रामक बल्लेबाजी की नयी परिभाषा गढने के इरादे से मैदान पर उतरते हैं।

इससे पहले रजत पाटीदार की कप्तानी पारी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने विकेटों के पतन के बीच 201 रन बनाये। पाटीदार ने 40 गेंद में चार छक्कों और चार चौकों से 63 रन बनाये। एक समय पर आरसीबी के छह विकेट 94 रन पर गिर गए थे जिसके बाद उन्होंने मोर्चा संभाला।

चैम्पियन बल्लेबाज विराट कोहली (16 गेंद में 32 रन) समेत गत चैम्पियन आरसीबी के सभी बल्लेबाज तेजी से रन बनाने के प्रयास में आउट हो गए। आखिरी ओवरों में इंपैक्ट सब वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंद में 29 रन बनाये जिसमें संदीप शर्मा के आखिरी ओवर में 21 रन बने।

मैच से पहले बारिश के कारण खेल देर से शुरू हुआ और पिच में नमी के कारण अतिरिक्त उछाल मिला। रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने फिल साल्ट तथा देवदत्त पडिक्कल को सस्ते में आउट कर दिया।

साल्ट तो पहली ही गेंद पर आउट हो गए। कोहली ने अपनी पारी में सात चौके लगाये लेकिन वह रवि बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद से आरसीबी के बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं बना सके। बिश्नोई ने कृणाल पंड्या का भी विकेट लिया। बंगाल प्रीमियर लीग टी20 से चुने गए बृजेश शर्मा ने जितेश शर्मा को पवेलियन भेजा। उन्होंने टिम डेविड का भी विकेट चटकाया।

पिछले साल केकेआर के लिये काफी महंगे बिके वेंकटेश को इंपैक्ट सब के तौर पर भेजना पड़ा और उन्होंने तेजी से रन भी बनाये। लेकिन इसके लिये आरसीबी ने लेग स्पिनर सुयश शर्मा को बाहर रखा जो बिश्नोई की तरह उपयोगी साबित हो सकते थे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।