द इंडियन व्यू

महिला विश्व कप : पाक से टक्कर के लिए भारत तैयार, कौशल की नहीं, जज़्बात की भी जंग

भारत और पाकिस्तान की पुरूष टीमों के बीच पिछले तीन रविवार नाटकीयता भरे मुकाबलों के बाद इस रविवार को दोनों देशों की महिला टीमें वनडे विश्व कप में आमने सामने होंगी तो क्रिकेट कौशल से ज्यादा जज्बात की जंग रहेगी और भारत का…

Ragwendra P Singh
October 4, 2025
3 min read
महिला विश्व कप : पाक से टक्कर के लिए भारत तैयार, कौशल की नहीं, जज़्बात की भी जंग

भारत और पाकिस्तान की पुरूष टीमों के बीच पिछले तीन रविवार नाटकीयता भरे मुकाबलों के बाद इस रविवार को दोनों देशों की महिला टीमें वनडे विश्व कप में आमने सामने होंगी तो क्रिकेट कौशल से ज्यादा जज्बात की जंग रहेगी और भारत का पलड़ा एक बार फिर भारी रहने वाला है।

साभार : गूगल

भारत और पाकिस्तान ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तमाम प्रारूपों में 27 मैच खेले हैं जिनमें से भारत ने 24 और पाकिस्तान ने तीन जीते हैं। पाकिस्तान को तीनों जीत टी20 में मिली है। वनडे में भारत का शत प्रतिशत रिकॉर्ड है जिसमें भारत ने दोनों टीमों के बीच खेले गए सभी 11 मैच जीते हैं।

भारत ने विश्व कप में पहले मैच में श्रीलंका को 59 रन से हराया जबकि पाकिस्तान को बांग्लादेश ने सात विकेट से हराया। पाकिस्तानी बल्लेबाज स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों का सामना नहीं कर सके।

सभी टीमें एक एक मैच खेल चुकी हैं और भारत चौथे स्थान पर है। भारतीय टीम की नजरें अब नेट रनरेट बेहतर करने पर लगी होंगी जो टूर्नामेंट के आखिरी चरण में काफी अहम हो जाता है।

हरमनप्रीत कौर की टीम पूरे आत्मविश्वास के साथ इस मुकाबले में उतरेगी। पहले मैच में एक समय छह विकेट 124 रन पर गिरने के बाद निचले मध्यक्रम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 47 ओवर में 250 रन से अधिक का लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की ताकत उसकी बल्लेबाजी है लेकिन मजबूत टीमों के खिलाफ बल्लेबाजों को बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

बांग्लादेश और पाकिस्तान के मैच में कोलंबो की पिच से काफी सीम मिल रही थी लिहाजा भारत तेज गेंदबाज रेणुका सिंह को उतार सकता है जो पिछले महीने आस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला के जरिये चोट के बाद लौटी है। वह हालांकि अभ्यास सत्र में लय में नहीं दिखी। दूसरी ओर पाकिस्तान की चिंता उसकी बल्लेबाजी है।

पहले मैच में उसके बल्लेबाजों ने निराश किया और पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। फातिमा सना और डायना बेग ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन स्कोर ही बड़ा नहीं था।

पाकिस्तान को सारे मैच एक ही मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा लेकिन भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ उसे जीत के लिये चमत्कारिक प्रदर्शन करना होगा।

क्रिकेट के अलावा इस मैच को लेकर काफी तनाव भी है। अब वह दिन लद गए जब 2022 विश्व कप में पाकिस्तान की पूर्व कप्तान बिस्माह मारूफ की बेटी के साथ भारतीय खिलाड़ियों को खेलते देखा गया था। पुरूष टीम की तरह भारतीय महिला टीम भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से शायद हाथ नहीं मिलायेगी।

भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरलीन देयोल, जेमिमा रौड्रिग्स, रिचा घोष, उमा छेत्री, रेणुका सिंह ठाकुर, दीप्ति शर्मा, स्नेह राणा, श्री चरणी, राधा यादव, अमनजोत कौर, अरूंधति रेड्डी, क्रांति गौड़

पाकिस्तान : फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली सिद्दीकी, आलिया रियाज, डायना बेग, ऐमन फातिमा, नशरा सुंधू, नतालिया परवेज, ओमाइमा सोहेल, रमीन शमीम, सदफ शमास, सादिया इकबाल, शावाल जुल्फिकार , सिदरा अमीन, सिदरा नवाज, सईदा आरूब शाह

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।