द इंडियन व्यू

महिला विश्व कप 2025: पाकिस्तान पर मिली जीत के बाद बोलीं हरमनप्रीत- बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी पिच

कोलंबो : कोलंबो में खेले गए महिला वनडे विश्व कप 2025 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 88 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद कहा कि यह टीम के लिए “बहुत अहम मुकाबला” था और…

Ragwendra P Singh
October 6, 2025
3 min read
महिला विश्व कप 2025: पाकिस्तान पर मिली जीत के बाद बोलीं हरमनप्रीत- बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं थी पिच

कोलंबो : कोलंबो में खेले गए महिला वनडे विश्व कप 2025 के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 88 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मैच के बाद कहा कि यह टीम के लिए “बहुत अहम मुकाबला” था और जीत से वह “बहुत खुश” हैं, लेकिन यह आसान नहीं रहा।

भारत की बल्लेबाजी फिर एक बार लड़खड़ाई और टीम एक समय 203 रन पर 7 विकेट खोकर संघर्ष कर रही थी। हालांकि, ऋचा घोष ने अंत में नाबाद 35 रन (20 गेंदों पर) की ताबड़तोड़ पारी खेलकर स्कोर को 247 तक पहुंचाया।

मैच के बाद हरमनप्रीत ने कहा, “सच कहूं तो इस पिच पर बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। हमने बस यह सोचा कि जितना लंबा खेल सकें उतना अच्छा रहेगा। पिछली बार जब हम यहां त्रिकोणीय सीरीज़ में खेले थे, तब विकेट अलग थे। लेकिन पिछले दो दिनों की बारिश से पिच में पकड़ आ गई थी। हमारी योजना थी कि आख़िरी तक विकेट बचाए रखें ताकि अंतिम ओवरों में रन बना सकें।”

गेंदबाजी में भारत की क्रांति गौड़ ने शानदार प्रदर्शन किया। तेज़ गेंदबाज गौड़ ने पाकिस्तान की शुरुआत बिगाड़ते हुए शुरुआती दस ओवरों में सदफ शमास और आलिया रियाज़ के विकेट झटके। उन्होंने 20 रन देकर तीन विकेट लिए और “प्लेयर ऑफ द मैच” चुनी गईं।

यह वही मैदान था जहां क्रांति ने इसी साल मई में अपना वनडे डेब्यू किया था। घरेलू वनडे फाइनल में उन्होंने चार गेंदों पर चार विकेट लेकर सभी को चौंका दिया था।

कप्तान हरमनप्रीत ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, “क्रांति ने शानदार गेंदबाजी की। रेनुका भी दूसरे छोर से अच्छी लाइन-लेंथ रख रही थीं, जिससे हमें शुरुआती ब्रेकथ्रू मिले।”

हालांकि, भारत ने फील्डिंग में कई मौके गंवाए। टीम ने चार कैच छोड़े, जिनमें तीन कैच सिदरा अमीन के थे, जो पाकिस्तान की सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। हरमनप्रीत ने माना कि फील्डिंग में सुधार की जरूरत है।

उन्होंने कहा, “हमने फील्डिंग में खुद को निराश किया। हमें बहुत मौके मिले जो हम पकड़ नहीं सके, लेकिन जीत के बाद खुशी जरूर होती है।”

हरमनप्रीत ने आगे के मैचों को लेकर कहा, “अभी हम इस जीत का आनंद लेना चाहते हैं। सुधार के लिए कई क्षेत्र हैं, लेकिन फिलहाल जीत से खुशी है। हम भारत लौट रहे हैं, जहां की पिचों को हम बेहतर जानते हैं। देखना यह है कि अगली टीम संयोजन क्या होगा और हम दिन-ब-दिन कैसे बेहतर कर सकते हैं।”

भारत अब अपने अगले दो मुकाबले 9 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका और 12 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी सरजमीं (विशाखापत्तनम) पर खेलेगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।