द इंडियन व्यू

राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ शीर्ष पर पहुंची बेंगलुरु, लखनऊ की तीसरी हार

रसिख सलाम और भुवनेश्वर कुमार की धमाकेदार गेंदबाजी के बाद विराट कोहली की अगुआई में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल लीग में यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को पांच विकेट से हराकर अंक तालिका में शीर्ष…

Ragwendra P Singh
April 15, 2026
5 min read
राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ शीर्ष पर पहुंची बेंगलुरु, लखनऊ की तीसरी हार

रसिख सलाम और भुवनेश्वर कुमार की धमाकेदार गेंदबाजी के बाद विराट कोहली की अगुआई में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आईपीएल लीग में यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को पांच विकेट से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर आ गई।

सुपर जाइंट्स के 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोहली की 49 रन की पारी से 29 गेंद शेष रहते 149 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (10) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन भी जोड़े।

सुपर जाइंट्स से प्रिंस यादव ने तीन विकेट और आवेश खान ने दो विकेट चटकाए, लेकिन अपनी टीम को पांच मैच में तीसरी हार से नहीं बचा पाए। इस जीत से बेंगलुरु टीम पांच मैच में चार जीत से आठ अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। राजस्थान रॉयल्स के भी आठ अंक हैं लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण शीर्ष पर है।

© BCCI

रसिख (चार विकेट) और भुवनेश्वर (तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सुपर जाइंट्स की टीम पारी की अंतिम गेंद पर 146 रन पर ढेर गई। कृणाल पंड्या ने भी दो विकेट हासिल किए। सुपर जाइंट्स से सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने सर्वाधिक 40 रन बनाए जबकि मुकुल चौधरी ने 39 और आयुष बडोनी ने 38 रन का योगदान दिया लेकिन तीनों में से कोई भी अच्छी शुरुआत को बड़ी परी में नहीं बदल पाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे बेंगलुरु को कोहली ने तेजतर्रार शुरुआत दिलाई। टीम ने दूसरे ओवर में ही फिल सॉल्ट (07) का विकेट गंवा दिया जो प्रिंस यादव की गेंद को विकेटों पर खेल गए। कोहली ने आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने तीसरे ओवर में मोहम्मद शमी पर दो चौके जड़ने के बाद अगले ओवर में प्रिंस पर चार चौके मारे।

© BCCI

कोहली ने दिग्वेश राठी पर छक्के के साथ पांचवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। टीम ने पावर प्ले में एक विकेट पर 60 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल 10 रन बनाने के बाद आवेश खान की गेंद पर स्थानापन्न खिलाड़ी हिम्मत सिंह को कैच दे बैठे। कप्तान रजत पाटीदार ने आते ही शमी पर लगातार दो छक्के मारे।

आवेश ने इसके बाद बेंगलुरु को बड़ा झटका दिया जब कोहली उनकी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर निकोलस पूरन को कैच दे बैठे। जितेश शर्मा ने राठी की लगातार गेंदों पर दो छक्के और दो चौकों के साथ 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।

प्रिंस ने पारी के 13वें ओवर में पाटीदार (27 रन) और जितेश (23 रन) को पवेलियन भेजकर बेंगलुरु को दोहरा झटका दिया। पाटीदार ने प्रिंस पर छक्का जड़ने के बाद अगली गेंद को हवा में लहराकर राठी को कैच थमाया जबकि एक गेंद बाद जितेश भी विकेटकीपर मुकुल चौधरी को कैच दे बैठे।

© BCCI

टिम डेविड (नाबाद 14) ने आते ही राठी पर छक्का और चौका जड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। बेंगलुरु को अंतिम छह ओवर में जीत के लिए सिर्फ 11 रन की दरकार थी और रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 14) ने आवेश पर छक्का और लिंडे पर चौके के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

इससे पहले पाटीदार ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। मार्श और एडेन मारक्रम (12) ने सतर्क शुरुआत की। मार्श ने भुवनेश्वर की गेंद को स्टेडियम के बाहर भेजा। मारक्रम ने भी रसिख का स्वागत छक्के के साथ किया लेकिन फिर इसी तेज गेंदबाज की फुलटॉस को कवर में देवदत्त पडिक्कल के हाथों में खेल गए।

कप्तान ऋषभ पंत अगले ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गए जब जोश हेजलवुड (एक विकेट) की गेंद उनके बाएं हाथ की कोहनी में लगी। सुपर जाइंट्स पावर प्ले में एक विकेट पर 35 रन ही बना सकी जो मौजूदा सत्र में टीम का शुरुआती छह ओवर में सबसे कम स्कोर है।

निकोलस पूरन की खराब फॉर्म जारी रही और वह सात गेंद में सिर्फ एक रन बनाने के बाद हेजलवुड की गेंद को विकेटों पर खेल गए। मार्श ने कृणाल पर चौके और छक्के के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

बडोनी ने कृणाल की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया लेकिन मार्श इस स्पिनर की गेंद को विकेटों पर खेल गए। उन्होंने 32 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे। मुकुल चौधरी एक बार फिर अच्छी लय में दिखे। उन्होंने कृणाल पर चौके से खाता खोलने के बाद इस स्पिनर के अगले ओवर में छक्का भी मारा।

बडोनी ने रसिख पर चौका मारा लेकिन इसी ओवर में विकेटकीपर जितेश शर्मा को कैच दे बैठे। उन्होंने 24 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का मारा। बडोनी के आउट होने पर पंत दोबारा बल्लेबाजी करने उतरे लेकिन सिर्फ एक रन बनाने के बाद भुवनेश्वर की गेंद पर फिल सॉल्ट को कैच दे बैठे।

भुवनेश्वर ने जॉर्ज लिंडे (07) और मोहम्मद शमी (00) को लगातार गेंदों पर आउट किया जबकि रसिख ने मुकुल और आवेश खान (01) को पवेलियन भेजकर सुपर जाइंट्स की पारी का अंत किया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।