द इंडियन व्यू

फीफा ने 2026 विश्व कप के लिए 52 रेफरी चुने, महिला अधिकारियों की भी भागीदारी

विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने दो महीने बाद शुरू होने वाले विश्व कप के लिए रिकॉर्ड 52 रेफरी का चयन किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। अमेरिका की टोरी पेन्सो और मैक्सिको की काटिया गार्सिया के रूप में दो…

Ragwendra P Singh
April 10, 2026
2 min read
फीफा ने 2026 विश्व कप के लिए 52 रेफरी चुने, महिला अधिकारियों की भी भागीदारी

विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने दो महीने बाद शुरू होने वाले विश्व कप के लिए रिकॉर्ड 52 रेफरी का चयन किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।

अमेरिका की टोरी पेन्सो और मैक्सिको की काटिया गार्सिया के रूप में दो महिला रेफरी इस सूची में शामिल हैं। फीफा ने अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में होने वाले टूर्नामेंट के लिए तीन महिलाओं को सहायक रेफरी और एक महिला को वीडियो मैच अधिकारी के रूप में भी चुना है।

यह दूसरा अवसर है जब पुरुषों के विश्व कप में महिला रेफरी भाग लेंगी। कतर में चार साल पहले खेले गए विश्व कप में तीन महिला रेफरी और तीन महिला सहायक रेफरी शामिल थीं।  पेन्सो 2023 में महिला विश्व कप के फाइनल में रेफरी थीं। फीफा ने कहा कि रेफरी का चयन प्रदर्शन को प्राथमिकता देने के आधार पर किया गया है।

साभार : गूगल

रेफरी विभाग के प्रमुख पियरलुइगी कोलिना ने कहा, ‘‘हमने चार साल पहले कतर में महिला अधिकारियों की नियुक्ति की थी और इस बार छह महिला मैच अधिकारियों का चयन करके हमने उस सिलसिले को जारी रखा है क्योंकि हमारा लक्ष्य महिला रेफरिंग को बढ़ावा देना है।’’

फीफा ने कहा कि टूर्नामेंट में 170 मैच अधिकारी हिस्सा लेंगे, जिनमें 52 रेफरी, 88 सहायक रेफरी और 30 वीडियो मैच अधिकारी शामिल हैं। यह संख्या विश्व कप 2022 में शामिल 139 मैच अधिकारियों से अधिक है।

विश्व कप 2026 अब तक का सबसे बड़ा विश्व कप है, जिसमें 48 टीमें भाग लेंगी और कुल 104 मैच खेले जाएंगे। यही नहीं, यह पहला विश्व कप होगा जिसकी सह-मेजबानी तीन देश करेंगे। पिछले विश्व कप में भाग लेने वाले कई रेफरी को इस साल के टूर्नामेंट के लिए भी चुना गया है। इनमें पोलैंड के साइमन मार्सिनियाक भी शामिल हैं, जिन्होंने चार साल पहले फाइनल में रेफरी की भूमिका निभाई थी।

इस सूची में कांगो के रेफरी जीन-जैक्स नडाला का नाम नहीं है, जो जनवरी में अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के विवादों से घिरे फाइनल में रेफरी थे। इस मैच में सेनेगल ने मोरक्को को हराया था। हालांकि, पिछले महीने अफ्रीकी फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था ने इस परिणाम को पलटकर मोरक्को को खिताब से सम्मानित किया था। सेनेगल ने स्विट्जरलैंड स्थित खेल पंचाट में अपील दायर की है और दोनों देश फैसले आने तक खुद को अफ्रीकी चैंपियन होने का दावा कर रहे हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।