पाकिस्तान की धमकी : रेफरी को हटाओ, नहीं तो टूर्नामेंट से बाहर होंगे!
मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को एशिया कप से हटाने की मांग को लेकर पाकिस्तान टीम ने टूर्नामेंट के बहिष्कार तक की धमकी दी है। साभार : गूगल उसने आईसीसी को चेतावनी दी है कि अगर उसकी मांग नहीं मानी गई तो वह टूर्नामेंट के आगे के…

मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को एशिया कप से हटाने की मांग को लेकर पाकिस्तान टीम ने टूर्नामेंट के बहिष्कार तक की धमकी दी है।

उसने आईसीसी को चेतावनी दी है कि अगर उसकी मांग नहीं मानी गई तो वह टूर्नामेंट के आगे के मैचों में हिस्सा नहीं लेगी। उसका अगला मुकाबला 17 सितंबर को मेजबान यूएई के खिलाफ है।
अगर पाकिस्तानी टीम टूर्नामेंट का बहिष्कार करती है तो सुपर-4 की रेस पर क्या असर पड़ेगा। पाकिस्तान एशिया कप के ग्रुप ए में है। इस ग्रुप की बाकी टीमें हैं भारत, यूएई और ओमान। पाकिस्तानी टीम अगर टूर्नामेंट का बहिष्कार करती है तो ग्रुप ए से सुपर 4 का समीकरण बदल जाएगा। भारत ग्रुप ए से पहले ही 4 अंकों के साथ सुपर-4 में पहुंच चुका है।
टीम इंडिया पॉइंट टेबल में ग्रुप ए में टॉप पर है। उसने अभी तक खेले अपने दोनों मैचों में जीत दर्ज की है। 10 सितंबर को उसने यूएई को एकतरफा मुकाबले में हराया था और 14 सितंबर को पाकिस्तान को भी एकतरफा अंदाज में पीटा था। ग्रुप ए के पॉइंट टेबल की बात करें तो भारत 4 अंकों के साथ टॉप पर है। उसका नेट रनरेट +4.793 है।
दूसरे नंबर पर पाकिस्तान और तीसरे पर यूएई हैं। दोनों टीमों ने अब तक खेले 2-2 मैचों में 1-1 में जीत और 1-1 में हार का सामना किया है।
दोनों के 2-2 अंक हैं लेकिन नेट रनरेट के हिसाब से पाकिस्तान यूएई से आगे है। उसका नेट रनरेट +1.649 है और मेजबान टीम का -2.030 है। ओमान ग्रुप में सबसे नीचे है। उसने अब तक 2 मैच खेले हैं और दोनों में ही उसे हार का सामना करना पड़ा है।
पाकिस्तान और यूएई के बीच बुधवार को होने वाला मैच ग्रुप ए में सुपर-4 के लिहाज से निर्णायक है। जो भी टीम जीतेगी वो अगले राउंड में पहुंच जाएगी। अगर पाकिस्तान बहिष्कार करता है तो उसे वॉकओवर माना जाएगा और यूएई को 2 अंक मिल जाएंगे। पाकिस्तान अगर एशिया कप का बहिष्कार करता है तो इसका सीधा फायदा मेजबान यूएई को मिलेगा।
बुधवार को अगर पाकिस्तान उसके खिलाफ मैच नहीं खेलता है तो मेजबानों को वॉकओवर मिल जाएगा। वैसी स्थिति में यूएई की टीम को 2 अंक मिल जाएंगे और वह 4 अंकों के साथ सुपर-4 में पहुंच जाएगी।
यूएई ने 15 सितंबर को ओमान के खिलाफ मैच में जीत के साथ 2 अंक हासिल किए थे। पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी की जड़ में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा पाकिस्तानी क्रिकेटरों से हाथ नहीं मिलाना है।
पीसीबी का आरोप है कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने 14 सितंबर के मैच में टॉस के दौरान पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा को भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से हाथ नहीं मिलाने को कहा था।
टॉस के दौरान दोनों कप्तान ने हाथ नहीं मिलाया। बाद में जब मैच खत्म हुआ तब पाकिस्तानी खिलाड़ी इंतजार करते रहे लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने उनसे हाथ नहीं मिलाया। अब पाकिस्तान ने आईसीसी को धमकी दी है कि अगर रेफरी पायक्रॉफ्ट को तत्काल एशिया कप से नहीं हटाया गया तो वह टूर्नामेंट का बहिष्कार करेगा।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
