तुषार देशपांडे ने छीनी गुजरात के मुंह से जीत, राजस्थान की लगातार दूसरी फतेह
तुषार देशपांडे के सटीक आखिरी ओवर की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस को छह रन से हराया। रॉयल्स की यह लगातार दूसरी जीत थी, जबकि गुजरात को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा। टॉस…

तुषार देशपांडे के सटीक आखिरी ओवर की मदद से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के बेहद रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस को छह रन से हराया। रॉयल्स की यह लगातार दूसरी जीत थी, जबकि गुजरात को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल्स ने ध्रुव जुरेल और यशस्वी जायसवाल के अर्धशतकों से 210 रन बनाए। इसके बावजूद गुजरात टीम साइ सुदर्शन की पारी के बावजूद 204 रन ही बना सकी।
एक समय गुजरात सात विकेट पर 161 रन पर थी, लेकिन कैगिसो रबाडा (नाबाद 23) और कार्यवाहक कप्तान राशिद खान (24) ने टीम को जीत के करीब पहुंचाया। आखिरी ओवर में गुजरात को दस रन की आवश्यकता थी। ऐसे में रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने नांद्रे बर्गर की बजाय देशपांडे को गेंद सौंपकर सभी को चौंका दिया।

देशपांडे ने अपने कप्तान के भरोसे पर खरे उतरते हुए पहली वाइड गेंद के अलावा सभी गेंदें सटीक डाली। इस ओवर में सिर्फ चार रन बने, और छक्का लगाने के प्रयास में राशिद ने सीमारेखा के पास जोफ्रा आर्चर को कैच दे दिया। इससे पहले आर्चर ने 19वें ओवर में केवल चार रन दिए थे।
मांसपेशी में ऐंठन के कारण इस मैच से बाहर हुए शुभमन गिल की जगह खेलने वाले कुमार कुशाग्र ने 14 गेंदों में 18 रन बनाए। उन्होंने सुदर्शन (44 गेंद में 73 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 78 रन जोड़े। सुदर्शन ने अपनी पारी में तीन छक्के और नौ चौके लगाए।

गुजरात का स्कोर सुदर्शन के आउट होने से पहले एक विकेट पर 107 रन था, लेकिन अचानक पांच विकेट पर 133 रन और सात विकेट पर 161 रन हो गया। राशिद और रबाडा ने वापसी की कोशिश की, लेकिन आखिरी ओवर में बाज़ी पलट गई।
इससे पहले जुरेल ने 42 गेंद में 75 रन और जायसवाल के अर्धशतक से राजस्थान रॉयल्स ने 210 रन बनाए। जायसवाल ने 36 गेंद में 55 रन बनाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 18 गेंदों में 31 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए केवल 6.2 ओवर में 70 रन जोड़ दिए।
जुरेल ने तीसरे नंबर पर उम्दा बल्लेबाजी करते हुए 150 से ऊपर की स्ट्राइक रेट के बावजूद बेहतरीन क्रिकेट शॉट्स खेले। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और पांच छक्के लगाए।

गुजरात टाइटंस के लिए अपना दूसरा आईपीएल मैच खेल रहे अशोक शर्मा ने चार ओवर में 37 रन देकर एक विकेट लिया। उन्होंने लगातार 145 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी की और 154.2 किमी प्रति घंटा की गति से भी गेंद डाली। जुरेल ने राशिद को डीप मिडविकेट के ऊपर से शानदार छक्का मारा।
सूर्यवंशी और जायसवाल पिछले सत्र से ही आईपीएल में पारी की शुरुआत साथ कर रहे हैं। आईपीएल के इतिहास में 500 से अधिक रन की साझेदारी करने वाली 113 जोड़ियों में से इन दोनों की रन बनाने की गति 12.04 प्रति ओवर है। यह सूची में ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा (12.57) और सुनील नारायण और फिल साल्ट (12.46) से पीछे है।
गुजरात के तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा, प्रसिद्ध कृष्णा और अशोक को पिच से अतिरिक्त उछाल और रफ्तार मिली, जिससे पावरप्ले में शॉट लगाना आसान हो गया। बल्लेबाजों ने उसी गति का इस्तेमाल किया। सूर्यवंशी को राशिद ने आउट किया, जिसके बाद जुरेल और जायसवाल ने दूसरे विकेट के लिए 56 रन जोड़े।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
