द इंडियन व्यू

सनी का जलवा, एससी दिल्ली ने नॉर्थईस्ट को 3-0 से दिया झटका

गुवाहाटी : जोसेफ सनी के शानदार दूसरे हाफ प्रदर्शन की बदौलत स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली ने इंडियन सुपर लीग 2025-26 में इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 3-0 से हराया। यह जीत एससी…

Ragwendra P Singh
April 10, 2026
3 min read
सनी का जलवा, एससी दिल्ली ने नॉर्थईस्ट को 3-0 से दिया झटका

गुवाहाटी : जोसेफ सनी के शानदार दूसरे हाफ प्रदर्शन की बदौलत स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली ने इंडियन सुपर लीग 2025-26 में इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 3-0 से हराया।

यह जीत एससी दिल्ली की इस सीजन में लगातार दूसरी जीत है, जिससे टीम आठ अंकों के साथ अंक तालिका में आठवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड छह अंकों के साथ दसवें स्थान पर खिसक गई। जोसेफ सनी को उनके निर्णायक दो गोल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली – 3 (जोसेफ सनी 65’, 69’, मोहम्मद ऐमेन 80’), नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी – 0

नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के मुख्य कोच जुआन पेड्रो बेनाली ने अपनी टीम में दो बदलाव किए, जिसमें कप्तान मिगुएल जबाको को डिफेंस में वापस लाया गया और आक्रमण में अंकित पी को शामिल किया गया। वहीं, निलंबित मुख्य कोच टोमाश त्खूर्ज़ की अनुपस्थिति में सहायक कोच नोएल जोसेफ के मार्गदर्शन में उतरी एससी दिल्ली ने एक बदलाव करते हुए पराग्वे के स्ट्राइकर जूलियो रिवास को शुरुआती एकादश में शामिल किया।

Photo: Surajit Sharma / Focus Sports / ISL

मुकाबले की शुरुआत तेज रही, जहां नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने शुरुआती दबाव बनाया। पहले ही मिनट में जितिन एमएस ने नोरा फर्नांडिस को परखा, जबकि बेके ओराम का कर्विंग क्रॉस गोलकीपर के लिए चुनौती बना, जिसे समय रहते रोका गया। एससी दिल्ली ने भी जवाबी हमले किए, जहां मोहम्मद ऐमेन और देवेंद्र मुरगांवकर ने दूर से प्रयास किए।

दोनों टीमों ने अच्छे मूव बनाए, लेकिन अंतिम तिहाई में धार की कमी दिखी। जितिन लगातार फ्लैंक्स से खतरा बने रहे, जबकि एलेक्स साजी की अगुवाई में एससी दिल्ली की डिफेंस मजबूत रही। पहला हाफ काफी सतर्क अंदाज में खेला गया और 0-0 की बराबरी पर समाप्त हुआ। हाफ के अंत में डिफेंडर दिनेश सिंह ने आखिरी क्षण में ऐमेन को क्रॉस करने से रोककर अहम हस्तक्षेप किया।

Photo: Surajit Sharma / Focus Sports / ISL

दूसरे हाफ में खेल की रफ्तार बढ़ी और दोनों टीमों ने अधिक आक्रामक रुख अपनाया। हाफ-टाइम पर आए जाइरो सैंपेरीयो ने दूरी से शॉट लेकर नोरा को परखा, जबकि दूसरी ओर ऐमेन बॉक्स में शानदार रन के बाद करीब पहुंचे। 65वें मिनट में एससी दिल्ली को बढ़त मिली।

ऐमेन के सटीक थ्रू बॉल ने डिफेंस को चीरते हुए जोसेफ सनी को मौका दिया, जिन्होंने संयम दिखाते हुए गेंद को दूर कोने में पहुंचाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।

चार मिनट बाद ही एससी दिल्ली ने बढ़त दोगुनी कर ली। मिडफील्डर अब्दुल-हलीक हुडू के लॉफ्टेड पास पर सनी ने शानदार रन लगाया, डिफेंडर दिनेश को छकाते हुए गेंद को नियंत्रित किया और गोलकीपर गुरमीत सिंह के ऊपर से शानदार फिनिश करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया।

एससी दिल्ली ने दबदबा बनाए रखा और 73वें मिनट में तीसरे गोल के करीब पहुंची, जब सनी ने सौरव के लिए मौका बनाया, लेकिन उनका शॉट गुरमीत ने रोक दिया। 80वें मिनट में तीसरा गोल आया, जब उस्मान फाने ने मिडफील्ड से आगे बढ़ते हुए सनी के साथ तालमेल बनाया और ऐमेन को पास दिया। ऐमेन ने डिफेंडरों को चकमा देते हुए दाएं पैर से शानदार शॉट लगाकर गेंद को टॉप कॉर्नर में पहुंचा दिया।

अंतिम मिनटों में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड ने वापसी की कोशिश की, जहां लालरिंजुआला हाउहनार के प्रयास को नोरा ने बचाया, लेकिन मेजबान टीम गोल नहीं कर सकी। अंतिम सीटी के साथ एससी दिल्ली ने 3-0 की शानदार जीत दर्ज की और लगातार दूसरी जीत के साथ प्रतियोगिता में अपनी लय को बरकरार रखा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।