द इंडियन व्यू

एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में 11 साल बाद महिला वनडे की वापसी

भारतीय महिला टीम को विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले दो अहम मुकाबलों में पिच से राहत मिलने की उम्मीद है। मौजूदा टूर्नामेंट में टीम की बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है, लेकिन…

Ragwendra P Singh
October 7, 2025
3 min read

भारतीय महिला टीम को विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले दो अहम मुकाबलों में पिच से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौजूदा टूर्नामेंट में टीम की बल्लेबाज़ों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है, लेकिन बल्लेबाज़ों के लिए अनुकूल मानी जा रही एसीए-वीडीसीए स्टेडियम की पिच उनके आत्मविश्वास को बढ़ा सकती है।

साभार : गूगल

भारत 9 अक्टूबर को दक्षिण अफ्रीका और 12 अक्टूबर को गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। ये मुकाबले विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में होंगे, जो 11 साल बाद किसी महिला वनडे मैच का आयोजन कर रहा है। इस मैदान पर आखिरी महिला वनडे मैच 23 जनवरी 2014 को भारत और श्रीलंका के बीच खेला गया था।

आंध्र क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि, “अगर आप आईपीएल समेत हाल के कुछ मुकाबलों पर गौर करें तो यह पिच बल्लेबाज़ों के लिए काफी मददगार रही है। हालांकि अगर ओस नहीं गिरी तो जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ेगा, स्पिन गेंदबाज़ों को भी मदद मिल सकती है।”

विशाखापत्तनम का यह मैदान आम तौर पर बड़े स्कोरों के लिए जाना जाता है। यहां पुरुषों के टी20 और वनडे मैचों में कई बार 200 से अधिक का स्कोर बना है। 2019 में भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 387 रन बनाए थे, जो इस स्टेडियम का सर्वोच्च वनडे स्कोर है।

यहां अब तक 320 से अधिक स्कोर चार बार और 280 से 299 रन के बीच का स्कोर छह बार बन चुका है। भारतीय महिला टीम के लिए यह अच्छी खबर है, क्योंकि उन्हें इस टूर्नामेंट में अपेक्षित बल्लेबाज़ी लय नहीं मिल पाई है। गुवाहाटी में श्रीलंका के खिलाफ 269 रन और कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ 247 रन बनाना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा था।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 12 अक्टूबर को होने वाले मुकाबले से पहले एसीए-वीडीसीए स्टेडियम के स्टैंड्स का नाम दो महिला क्रिकेटरों — मिताली राज और रवि कल्पना — के नाम पर रखा जाएगा। यह फैसला भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना द्वारा अगस्त में 'ब्रेकिंग द बाउंड्रीज़' कार्यक्रम के दौरान आंध्र प्रदेश के आईटी मंत्री नारा लोकेश को दिए गए सुझाव के आधार पर लिया गया।

एसीए ने बयान में कहा, “मिताली राज और रवि कल्पना को यह सम्मान भारतीय महिला क्रिकेट में उनके योगदान और अगली पीढ़ी की क्रिकेटरों को प्रेरित करने के लिए दिया जा रहा है।” मिताली राज ने 232 वनडे में 7 शतकों से 7805 रन बनाए।

उन्होंने 89 टी20 में 17 अर्धशतक के साथ 2364 रन और 12 टेस्ट में 699 रन बनाए। उन्होंने 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया।

रवि कल्पना ने भले ही 2015 और 2016 के बीच सिर्फ 7 वनडे मैच खेले हों, लेकिन उनकी मौजूदगी ने आंध्र प्रदेश की कई महिला खिलाड़ियों अरुंधति रेड्डी, एस मेघना और एन श्री चरणी को प्रेरित किया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।