द इंडियन व्यू

महिला क्रिकेट की चमक अब वैक्स म्यूजियम में भी, हरमनप्रीत के स्टैच्यू का अनावरण

राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारतीय महिला क्रिकेट की ऐतिहासिक उपलब्धियों को खास सम्मान दिया गया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के वैक्स स्टैच्यू का राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में भव्य समारोह के दौरान अनावरण किया गया।

Prakhar
November 13, 2026
3 min read
महिला क्रिकेट की चमक अब वैक्स म्यूजियम में भी, हरमनप्रीत के स्टैच्यू का अनावरण

राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारतीय महिला क्रिकेट की ऐतिहासिक उपलब्धियों को खास सम्मान दिया गया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के वैक्स स्टैच्यू का राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में भव्य समारोह के दौरान अनावरण किया गया।

खास बात यह रही कि हरमनप्रीत ने खुद अपने हाथों से अपने इस लाइफ-साइज वैक्स स्टैच्यू से पर्दा हटाया। इसके साथ ही वह दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं, जिनका वैक्स स्टैच्यू तैयार किया गया है। अब यह प्रतिमा नाहरगढ़ किले में स्थित हिस्टोरिका - स्टेप इनटू हिस्ट्री म्यूजियम में स्थायी रूप से प्रदर्शित की जाएगी।

स्टैच्यू के अनावरण के दौरान पूरा हॉल तालियों से गूंज उठा। इस मौके पर जयपुर के नन्हे और युवा क्रिकेटरों ने बल्ला उठाकर हरमनप्रीत को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। बच्चों के इस सम्मान से भारतीय क्रिकेटर भावुक हो गईं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से बातचीत की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें मेहनत करने तथा अपने सपनों पर विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया।

इस अवसर पर हरमनप्रीत के जीवन और क्रिकेट सफर पर आधारित एक विशेष फिल्म भी दिखाई गई। इसमें मोगा के एक छोटे से शहर से निकलकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी तक पहुंचने की उनकी यात्रा को दर्शाया गया।

फिल्म में उनके संघर्ष, मेहनत और 2025 में भारतीय टीम को पहला महिला वनडे विश्व कप खिताब दिलाने की ऐतिहासिक उपलब्धि को भी प्रमुखता से दिखाया गया। इसी विश्व कप जीत को यादगार बनाने के उद्देश्य से उनका वैक्स स्टैच्यू तैयार किया गया है।

हिस्टोरिका के फाउंडर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि स्टैच्यू को वास्तविक रूप देने के लिए म्यूजियम की टीम ने पहले हरमनप्रीत से मुलाकात की थी। इस दौरान उनके विस्तृत माप लेने के साथ फोटो और वीडियो भी तैयार किए गए, ताकि उनकी शक्ल और व्यक्तित्व से मिलता-जुलता जीवंत स्टैच्यू बनाया जा सके।

कार्यक्रम में हिस्टोरिका की नई पहचान और राजस्थान की वीर परंपरा को समर्पित एक विशालकाय सैनिक स्टैच्यू का भी अनावरण किया गया।

शौर्य और पराक्रम का प्रतीक यह प्रतिमा समारोह में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इसे भी नाहरगढ़ किले स्थित हिस्टोरिका म्यूजियम में पर्यटकों के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।

हरमनप्रीत के स्टैच्यू के शामिल होने से म्यूजियम की खासियत और बढ़ गई है। यहां पहले से ही महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के वैक्स स्टैच्यू मौजूद हैं। अब यहां पुरुष क्रिकेट के विश्व कप विजेता कप्तान एमएस धोनी और महिला क्रिकेट की विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर की प्रतिमाएं एक साथ देखने को मिलेंगी।

म्यूजियम में खेल जगत के अलावा अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को भी स्थान दिया गया है। यहां अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला, बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल, मदर टेरेसा, राजमाता गायत्री देवी और हाड़ी रानी जैसी प्रेरणादायी हस्तियों के स्टैच्यू पहले से मौजूद हैं।

हिस्टोरिका के फाउंडर अनूप श्रीवास्तव ने कहा, "हमारा उद्देश्य वैक्स स्टैच्यू के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करना है। खासतौर पर लड़कियों को खेल जगत में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहते हैं। हरमनप्रीत कौर का व्यक्तित्व युवा महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।"

गौरतलब है कि हिस्टोरिका पहले जयपुर वैक्स म्यूजियम के नाम से जाना जाता था। अब इसे 'हिस्टोरिका - स्टेप इनटू हिस्ट्री' के नए नाम और स्वरूप में शुरू किया जा रहा है।

करीब 300 साल पुराने नाहरगढ़ किले में स्थित यह दुनिया का पहला मल्टी-एक्सपीरियंशियल हिस्ट्री म्यूजियम है। इसके चार प्रमुख आकर्षण राम प्रकाश टॉकीज, शीशमहल, द रॉयल दरबार और हॉल ऑफ आइकॉन्स हैं। म्यूजियम का शीशमहल 25 लाख से अधिक कांच के टुकड़ों से तैयार किया गया है, जबकि यहां 48 से अधिक प्रमुख हस्तियों के स्टैच्यू मौजूद हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

आईएफएल में शनिवार को दो बड़े मुकाबले, नागालैंड यूनाइटेड का होगा ऐतिहासिक घरेलू पदार्पण

एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड शनिवार, 14 नवंबर 2026 को स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग 2026-27 में बेंगलुरु फुटबॉल स्टेडियम में रियल कश्मीर एफसी की मेजबानी करेगा। मुकाबला भारतीय समयनुसार शाम 4:00 बजे शुरू होगा।

आईएफएल 2026-27 में भी स्टार सीमेंट का साथ, लगातार दूसरी बार बना टाइटल स्पॉन्सर

इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) को अपने अगले सीजन के लिए भी स्टार सीमेंट का साथ मिल गया है। कंपनी 2026-27 सीजन में लगातार दूसरी बार लीग की टाइटल स्पॉन्सर होगी। इस संबंध में दोनों पक्षों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

दीप्ति शर्मा और मार्को यानसेन ने जीता अक्टूबर का आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार

भारतीय महिला हरफनमौला दीप्ति शर्मा को अक्टूबर महीने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की महीने की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया है।

महिला हॉकी का रोमांच देखने का सुनहरा मौका, भोपाल में सभी मैचों के लिए निःशुल्क प्रवेश

मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में हॉकी प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला हॉकी देखने के लिए कोई टिकट शुल्क नहीं देना होगा।