महिला हॉकी का रोमांच देखने का सुनहरा मौका, भोपाल में सभी मैचों के लिए निःशुल्क प्रवेश
मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में हॉकी प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला हॉकी देखने के लिए कोई टिकट शुल्क नहीं देना होगा।

मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 में हॉकी प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला हॉकी देखने के लिए कोई टिकट शुल्क नहीं देना होगा।
हॉकी इंडिया ने टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों के लिए दर्शकों को निःशुल्क प्रवेश देने का फैसला किया है। इस पहल के तहत दर्शक स्टेडियम में पहुंचकर एशिया की शीर्ष महिला हॉकी टीमों के बीच होने वाली प्रतिस्पर्धा का आनंद ले सकेंगे।
प्रतियोगिता का नौवां संस्करण 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में आयोजित होगा। दस दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 20 मुकाबले खेले जाएंगे। हालांकि, दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए पहले डिजिटल पास हासिल करना अनिवार्य होगा।
हॉकी इंडिया के मुताबिक, निःशुल्क प्रवेश पास के लिए दर्शक टिकटजिनी की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर पंजीकरण करा सकते हैं।
पंजीकरण के बाद मैचों की सूची में से अपनी पसंद के मुकाबले का चयन कर डिजिटल पास प्राप्त किया जा सकेगा। प्रत्येक पास में एक क्यूआर कोड होगा, जिसे स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर स्कैन कराने के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
टूर्नामेंट का लीग चरण 19 से 25 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 27 नवंबर को सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 28 नवंबर को खिताब और पदक के लिए टीमें आमने-सामने होंगी।
हॉकी इंडिया ने इस फैसले को देश में हॉकी की लोकप्रियता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। संस्था का मानना है कि इस तरह की पहल से उभरते खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और आम दर्शकों के बीच हॉकी के प्रति रुचि बढ़ेगी।
हॉकी इंडिया अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा कि दर्शकों के लिए मुफ्त प्रवेश की व्यवस्था भोपाल के लोगों को अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी के करीब लाने का शानदार अवसर है। उन्होंने कहा कि संगठन चाहता है कि यह प्रतियोगिता ऐसा आयोजन बने, जहां परिवार, युवा खिलाड़ी और हॉकी प्रशंसक एक साथ बैठकर शीर्ष स्तर की प्रतिस्पर्धा का रोमांच महसूस कर सकें।
वहीं, हॉकी इंडिया महासचिव और एशियाई हॉकी महासंघ के उपाध्यक्ष भोला नाथ सिंह ने भी सभी मुकाबलों के लिए निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था पर खुशी जताई।
उन्होंने कहा कि भोपाल के दर्शकों को एशिया की कुछ बेहतरीन महिला हॉकी खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देखने का अवसर मिलेगा। उन्हें उम्मीद है कि प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम उत्साही दर्शकों से भरा रहेगा। उनके मुताबिक, इस तरह की पहल खेल और प्रशंसकों के बीच संबंध मजबूत करने के साथ अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।
मेजबान भारतीय टीम 19 नवंबर को उद्घाटन समारोह के बाद मलेशिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद भारतीय टीम 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से भिड़ेगी। जापान के खिलाफ मुकाबले के साथ भारत का लीग चरण समाप्त हो जाएगा।
निःशुल्क प्रवेश पास के लिए पंजीकरण लिंक:
https://ticketgenie.in/ticket/Madhya-Pradesh-Womens-Asian-Champions-Trophy-Bhopal-2026?
सम्बंधित ख़बरें
महिला क्रिकेट की चमक अब वैक्स म्यूजियम में भी, हरमनप्रीत के स्टैच्यू का अनावरण
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भारतीय महिला क्रिकेट की ऐतिहासिक उपलब्धियों को खास सम्मान दिया गया। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के वैक्स स्टैच्यू का राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में भव्य समारोह के दौरान अनावरण किया गया।
आईएफएल में शनिवार को दो बड़े मुकाबले, नागालैंड यूनाइटेड का होगा ऐतिहासिक घरेलू पदार्पण
एफसी बेंगलुरु यूनाइटेड शनिवार, 14 नवंबर 2026 को स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग 2026-27 में बेंगलुरु फुटबॉल स्टेडियम में रियल कश्मीर एफसी की मेजबानी करेगा। मुकाबला भारतीय समयनुसार शाम 4:00 बजे शुरू होगा।
आईएफएल 2026-27 में भी स्टार सीमेंट का साथ, लगातार दूसरी बार बना टाइटल स्पॉन्सर
इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) को अपने अगले सीजन के लिए भी स्टार सीमेंट का साथ मिल गया है। कंपनी 2026-27 सीजन में लगातार दूसरी बार लीग की टाइटल स्पॉन्सर होगी। इस संबंध में दोनों पक्षों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
दीप्ति शर्मा और मार्को यानसेन ने जीता अक्टूबर का आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ पुरस्कार
भारतीय महिला हरफनमौला दीप्ति शर्मा को अक्टूबर महीने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की महीने की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया है।
