एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की विजयी शुरुआत, मलेशिया को 4-1 से रौंदा
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार से शुरू हुई महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में मेजबान भारत ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार से शुरू हुई महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में मेजबान भारत ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
यहां बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 4-1 से हराया। मुकाबले में भारत से खान मुमताज, कप्तान सलीमा टेटे, पूजा साहू और लालरेमसियामी ने गोल किए।
वहीं, पदार्पण मैच में गोल करने वाली पूजा साहू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। प्रतियोगिता के पहले दिन चीन और जापान ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर पूरे अंक हासिल किए।
मैच का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर में 19वें मिनट में नुरामीराह जुल्किफ्ली ने गोल कर मलेशिया को आगे कर दिया। हालांकि, भारत ने तुरंत जवाब दिया। खान मुमताज ने 19 मिनट 40 सेकंड पर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्कोर बराबर कर दिया।
तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। कप्तान सलीमा टेटे ने 34 मिनट 32 सेकंड पर गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद 38 मिनट 50 सेकंड पर पूजा साहू ने गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया।
चौथे क्वार्टर में 48 मिनट 25 सेकंड पर लालरेमसियामी ने भारत के खाते में चौथा गोल जोड़ दिया। इसके बाद मलेशिया की टीम वापसी नहीं कर सकी और उसे हार मिली।
इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में चीन ने थाईलैंड को 7-0 से हराकर जीत दर्ज की। पहले क्वार्टर में दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं, लेकिन दूसरे क्वार्टर में चीन ने दो गोल कर बढ़त बना ली। 27वें मिनट में फेंग किंगमियाओ ने गोल किया, जबकि 28वें मिनट में डेंग क्यूचान ने दूसरा गोल दागा।
तीसरे क्वार्टर में चीन ने पांच मिनट के भीतर लगातार गोल कर मुकाबले को एकतरफा कर दिया।
फेंग किंगमियाओ ने 32वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से अपना दूसरा गोल किया। अगले मिनट कप्तान वेई किक्सियाओ ने बढ़त बढ़ाई। इसके बाद चेन युजुन ने 38वें और डेंग क्यूचान ने 42वें मिनट में गोल किया। अंतिम क्वार्टर में झांग हेयांग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर चीन की बढ़त 7-0 कर दी।
दिन का दूसरा मुकाबला जापान और दक्षिण कोरिया के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच पूरे समय कड़ा संघर्ष देखने को मिला। पहले तीन क्वार्टर में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। जापान ने लगातार हमले किए और पेनल्टी कॉर्नर के मौके भी बनाए, लेकिन कोरियाई रक्षापंक्ति ने उसके प्रयासों को नाकाम कर दिया।
मुकाबले का फैसला अंतिम मिनट में हुआ। 58 मिनट 59 सेकंड पर मिले पेनल्टी कॉर्नर को सैतो हानामी ने गोल में बदलकर जापान को 1-0 की बढ़त दिला दी। दक्षिण कोरिया ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सकी। इस तरह जापान ने 1-0 से जीत दर्ज की।
भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें भाग ले रही हैं। राउंड रॉबिन आधार पर होने वाले मुकाबलों में प्रत्येक टीम अन्य पांच टीमों से खेलेगी।
लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। मेजबान भारत मौजूदा चैंपियन है और घरेलू मैदान पर एक बार फिर खिताब जीतने के इरादे से उतरा है।
सम्बंधित ख़बरें
सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।
