द इंडियन व्यू

साइलेक्स और राज सिंह का जलवा, भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम में मिली जगह

ग्रासरूट फुटबॉल के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मिनर्वा अकादमी एफसी के युवा खिलाड़ियों साइलेक्स ओइनम और वाहेन्गबम राज सिंह ने भारतीय अंडर-17 पुरुष राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Prakhar
October 31, 2026
3 min read
साइलेक्स और राज सिंह का जलवा, भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम में मिली जगह

ग्रासरूट फुटबॉल के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए मिनर्वा अकादमी एफसी के युवा खिलाड़ियों साइलेक्स ओइनम और वाहेन्गबम राज सिंह ने भारतीय अंडर-17 पुरुष राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है।

हेड कोच मेहराजुद्दीन वाडू के मार्गदर्शन में यह दोनों प्रतिभावान खिलाड़ी 'ब्लू कोल्ट्स' (भारतीय युवा टीम) की जर्सी पहनकर मैदान में उतरेंगे। भारतीय टीम का लक्ष्य लगातार दूसरी बार एएफसी अंडर-17 एशियन कप के लिए क्वालीफाई करना है।

भारत को एएफसी अंडर-17 एशियन कप क्वालीफायर्स के ग्रुप 'ई' में मेजबान मलेशिया, फिलिस्तीन, सिंगापुर और गुआम के साथ रखा गया है। ये मुकाबले एमपी सेलायांग स्टेडियम में खेले जाएंगे।

उज्बेकिस्तान में 12 से 29 मई 2027 तक होने वाले कॉन्टिनेंटल फाइनल्स का टिकट केवल ग्रुप विजेता को ही मिलेगा।

क्वालीफाइंग दौर में सिंगापुर, गुआम, फिलिस्तीन और मलेशिया के खिलाफ मुकाबले खेलने से पहले, भारतीय टीम अपनी अंतिम तैयारियों के तहत रास अल खैमाह जाएगी, जहां वह 1 और 4 नवंबर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ दो महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय दोस्ताना मैच खेलेगी।

साइलेक्स ओइनम एक शांत और कुशल सेंट्रल डिफेंडर व डिफेंसिव मिडफील्डर हैं, जिन्हें देश के सबसे होनहार युवा रक्षकों में गिना जाता है। साल 2023 में साइलेक्स ने अपनी कप्तानी में मिनर्वा अकादमी की अंडर-13 टीम को स्वीडन के गोथेनबर्ग में आयोजित वर्ल्ड यूथ कप (गोथिया कप) का ऐतिहासिक खिताब दिलाया था।

मिनर्वा यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी जीतने वाला पहला भारतीय क्लब बना था। उस टूर्नामेंट में उनकी अगुआई वाले डिफेंस ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ दो गोल खाए, जबकि टीम ने 46 गोल दागे और फाइनल में ब्राजील के ऑर्डिन एफसी को 3-1 से हराया।

साइलेक्स के अंतरराष्ट्रीय सफर में दुबई के मीना कप (2022) की खिताबी जीत और स्पेन के एमआईसी फुटबॉल कप में शानदार प्रदर्शन शामिल हैं।

घरेलू स्तर पर, साइलेक्स सुब्रतो कप अंडर-15 और हाल ही में नई दिल्ली में संपन्न 65वें सुब्रतो कप अंडर-17 का खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे, जहां उन्होंने क्वार्टर फाइनल में डिफेंस में खेलते हुए यादगार हैट्रिक लगाई थी।

एरियल ड्यूल्स और खेल को पढ़ने की क्षमता के दम पर वह एआईएफएफ जूनियर लीग और एलीट यूथ लीग दोनों में मिनर्वा की मजबूती बने रहे हैं।

फॉरवर्ड पंक्ति में सेंटर-फॉरवर्ड वाहेन्गबम राज सिंह अपनी आक्रामक शैली और धारदार फिनिशिंग के लिए जाने जाते हैं। राज इससे पहले भी अंडर-17 राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

स्पेन में हुए एमआईसी फुटबॉल कप में उन्होंने इंग्लिश क्लब लिवरपूल एफसी के खिलाफ 6-0 की जीत में ऐतिहासिक हैट्रिक जमाई थी। इसके बाद डेनमार्क के डाना कप में भी उन्होंने लिवरपूल के खिलाफ एक और शानदार हैट्रिक दर्ज की।

राज गोथिया कप, नॉर्वे कप और दुबई के मीना कप का खिताब जीतने वाली टीमों का अहम हिस्सा रहे हैं, साथ ही उन्होंने फिनलैंड के हेलसिंकी कप में भी उम्दा खेल दिखाया।

घरेलू स्तर पर, 65वें सुब्रतो कप अंडर-17 में राज ने ग्रुप स्टेज के दौरान महज 4 मिनट के भीतर हैट्रिक ठोककर सुर्खियां बटोरी थीं। एआईएफएफ एलीट यूथ लीग में भी हिमाचल एफसी जैसी टीमों के खिलाफ हैट्रिक दागने वाले राज की तेज रफ्तार, पोजिशनिंग और सटीक फिनिशिंग भारतीय अटैक को मजबूती देगी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश को 8 विकेट से रौंदा, चेज-वार्रिकान की फिरकी में फंसे मेजबान

वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को पहले टेस्ट मैच में 8 विकेट से हराया। शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में बांग्लादेश से मिले 170 रनों के लक्ष्य को वेस्टइंडीज ने हासिल कर लिया। दूसरी पारी में वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी रही।

निशानेबाजों के सामने प्रतिष्ठा बचाने की चुनौती, विश्व चैंपियनशिप से ओलंपिक अभियान का आगाज

एशियाई खेलों में उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रहे भारत के शीर्ष निशानेबाजों के सामने रविवार से यहां शुरू हो रही आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप (राइफल, पिस्टल और शॉटगन) में दमदार वापसी कर अपनी प्रतिष्ठा बचाने की चुनौती होगी।

लैला फर्नांडिज ने पैन पैसिफिक ओपन के फाइनल में बनाई जगह

कनाडा की लेयला फर्नांडीज ने पैन पैसिफिक ओपन सेमीफाइनल में कामिला राखीमोवा को हराकर इस साल के अपने तीसरे डब्ल्यूटीए फाइनल में जगह बनाई।

3-1 की बढ़त के बाद आखिरी जंग, जीत के साथ सीरीज खत्म करना चाहेगा भारत

पांच मैचों की सीरीज पहले ही अपने नाम कर चुका भारत रविवार को सेडन पार्क में होने वाले पांचवें और आखिरी टी-20 मैच में जीत के साथ सीरीज का समापन करना चाहेगा।