द इंडियन व्यू

राष्ट्रपति मुर्मू ने 17 खिलाड़ियों को दिया अर्जुन पुरस्कार, इस बार किसी को नहीं मिला खेल रत्न

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर, ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख और विदित गुजराती सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। इस बार किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया था।

Prakhar
November 13, 2026
4 min read
राष्ट्रपति मुर्मू ने 17 खिलाड़ियों को दिया अर्जुन पुरस्कार, इस बार किसी को नहीं मिला खेल रत्न

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर, ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख और विदित गुजराती सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। इस बार किसी भी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया था।

लगभग 36 मिनट तक चले इस समारोह में युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल सचिव हरि रंजन राव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के पुनर्मूल्यांकन के बाद 17 अर्जुन पुरस्कार विजेताओं का चयन किया गया था। इससे पहले 2014 में किसी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया था।

विश्व कप विजेता शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख, तेजस्विन और महिला युगल बैडमिंटन खिलाड़ी गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली उन 17 खिलाड़ियों में शामिल थीं, जिन्हें अर्जुन पुरस्कार के लिए नामित किया गया था।

गुजराती, देशमुख, ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल और युवा बधिर राइफल निशानेबाज धनुष श्रीकांत समारोह में उपस्थित खिलाड़ियों में शामिल थे। बीस वर्षीय देशमुख विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। गुजराती 2024 शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे।

तेजस्विन ने 2023 के एशियाई खेलों में डेकाथलॉन में ऐतिहासिक रजत पदक जीता था और पिछले साल एशियाई चैंपियनशिप में भी दूसरा स्थान हासिल किया था। घुटने की समस्या से जूझने के बावजूद उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतकर कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने आइची-नागोया में एशियाई खेलों में भी कांस्य पदक जीता था।

वह उन खिलाड़ियों में शामिल थे जिन्होंने पुरस्कारों की घोषणा में देरी की आलोचना करते हुए इसे खिलाड़ियों का अनादर बताया था। 2024 में रिकॉर्ड 32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, जिनमें से 17 पैरा खेलों से थे। इस बार पैरा खेलों से केवल दो नाम ही अंतिम सूची में शामिल थे।

पैरा विश्व चैंपियनशिप 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाली पैरा क्लब थ्रोअर एकता भ्यान और पैरा विश्व कप 2024 के स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज रुद्रांश खंडेलवाल पुरस्कार पाने वालों में शामिल थे।

कोई भी क्रिकेटर पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में शामिल नहीं था। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को 2023 में यह पुरस्कार मिलने के बाद किसी भी क्रिकेटर को इसके लिए नहीं चुना गया।

एशियाई खेल 1962 में स्वर्ण पदक जीतने वाली फुटबॉल टीम के सदस्य रहे आई अरुमैनायगम को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ (जीवनपर्यंत उपलब्धि) के लिए अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

मंत्रालय ने तीन कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना था। इनमें एमसी मैरीकॉम के सहायक स्टाफ में शामिल रहे मुक्केबाजी कोच छोटे लाल यादव प्रमुख हैं। कोचिंग क्षेत्र में ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ सम्मान के लिए इस वर्ष पुरुष राष्ट्रीय मुक्केबाजी टीम के कोच धर्मेंद्र यादव और कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार को चुना गया है।

अर्जुन पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलती है। यह पुरस्कार परंपरागत रूप से हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में प्रदान किए जाते हैं, जो भारत के महानतम खिलाड़ियों में से एक हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती भी है।

इस वर्ष की पुरस्कार चयन समिति में भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के उपाध्यक्ष गगन नारंग, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी अपर्णा पोपट और पूर्व हॉकी खिलाड़ी एम एम सोमाया भी शामिल थे।

अर्जुन पुरस्कार: तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), नरेंद्र (मुक्केबाजी), विदित गुजराती (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा निशानेबाजी), एकता भ्यान (पैरा एथलेटिक्स), अरविंद सिंह (रोइंग), अखिल श्योराण (निशानेबाजी), त्रीसा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेम्सियामी (हॉकी), मुहम्मद अजमल (एथलेटिक्स), पूजा (कबड्डी)।

अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम): आई अरुमैनायगम (फुटबॉल)

द्रोणाचार्य पुरस्कार: परवीर सिंह, छोटे लाल यादव, नेहा चव्हाण

द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम): धर्मेंद्र यादव, वीरेंद्र कुमार।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला

भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर

भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।