द इंडियन व्यू

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका: आज और कल यूपी के सभी 1.73 लाख बूथों पर विशेष अभियान, BLO देंगे जानकारी; हेल्पलाइन 1950 भी क्रियाशील

Poonam Kumari
November 28, 2026
3 min read
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका: आज और कल यूपी के सभी 1.73 लाख बूथों पर विशेष अभियान, BLO देंगे जानकारी; हेल्पलाइन 1950 भी क्रियाशील

सरिता त्रिपाठी

आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने और मौजूदा मतदाताओं को अपनी प्रविष्टियों की जांच तथा आवश्यक संशोधन कराने का अवसर देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश में आज (28 नवंबर) और कल (29 नवंबर) विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान राज्य के सभी 1.73 लाख मतदेय स्थलों पर चलाया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा के अनुसार, 2027 के विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चल रही है, जिसका आधार तिथि 1 जनवरी 2027 है। इसी के तहत आज और कल विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जा रहे हैं।

इन विशेष दिनों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सभी मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक उपलब्ध रहेंगे। सभी BLO के पास 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची उपलब्ध होगी, जिससे नागरिक अपना नाम और अन्य विवरण जांच सकेंगे। इसके अलावा, BLO के पास फॉर्म 6, 7 और 8 की पर्याप्त आपूर्ति होगी, ताकि नए मतदाता पंजीकरण, नाम शामिल करने पर आपत्ति और आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी की जा सके। प्रत्येक मतदेय स्थल पर नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे। जिला स्तर पर हेल्पलाइन नंबर 1950 भी क्रियाशील रहेगा।

अभियान के दौरान युवाओं और महिलाओं जैसे उन पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जो अभी तक मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हैं। जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA), वर्तमान और पूर्व ग्राम प्रधान, पार्षद और स्थानीय स्वयंसेवकों को भी इस अभियान में शामिल किया जाएगा। सामाजिक संगठनों और अन्य स्थानीय संस्थानों से भी पात्र नागरिकों के बीच जानकारी फैलाने में सहयोग लिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे 28 और 29 नवंबर को अपने संबंधित मतदेय स्थलों पर जाकर 17 नवंबर को प्रकाशित मसौदा मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं है, तो वे फॉर्म 6 भरकर इसे शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार तथा निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म 8 का उपयोग किया जा सकता है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें