लखनऊ यूनिवर्सिटी की 146 रन से शानदार दूसरी जीत, वीएमएसबी की हार
आदि आदेश शुक्ला (65) की उम्दा अर्धशतकीय पारी के बाद कप्तान नमन तिवारी की धारदार गेंदबाजी की बदौलत मेजबान लखनऊ यूनिवर्सिटी ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में दूसरी जीत अपने नाम की।

लखनऊ। आदि आदेश शुक्ला (65) की उम्दा अर्धशतकीय पारी के बाद कप्तान नमन तिवारी की धारदार गेंदबाजी की बदौलत मेजबान लखनऊ यूनिवर्सिटी ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में दूसरी जीत अपने नाम की।
नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट
दूसरी ओर सीएसजेएम कानपुर यूनिवर्सिटी, राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी, महर्षि यूनिवर्सिटी और कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने भी अपने-अपने मुकाबले बेहतरीन अंदाज में जीते।
आदि आदेश शुक्ला के अर्धशतक के बाद कप्तान नमन तिवारी ने झटके चार विकेट
एलयू के परांजपे क्रिकेट मैदान पर खेले गए मुकाबले में लखनऊ यूनिवर्सिटी ने वीएमएसबी उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी को 146 रन से शिकस्त दी। लखनऊ यूनिवर्सिटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 195 रन बनाए।
सलामी बल्लेबाज आदि आदेश शुक्ला ने 49 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से 65 रन बनाए। आयुष शर्मा ने 40 और शौर्य सिंह ने 20 रन का योगदान दिया। आदि आदेश और आयुष ने तीसरे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की।
जवाब में वीएमएसबी उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी की टीम 13.5 ओवर में 49 रन पर सिमट गई। आकाश बिष्ट (13) और प्रियांशु ममगई (1) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके। एलयू के कप्तान नमन तिवारी ने दो ओवर में मात्र तीन रन देकर चार विकेट झटके, जबकि शौर्य सिंह को तीन विकेट मिले।
एनईआर स्टेडियम पर सीएसजेएम कानपुर यूनिवर्सिटी ने गुरुकुल कांगड़ी यूनिवर्सिटी को तीन विकेट से हराया। गुरुकुल कांगड़ी ने उदित सैनी (96) की शानदार पारी से सात विकेट पर 186 रन बनाए।
जवाब में सीएसजेएम कानपुर यूनिवर्सिटी ने उत्कर्ष यादव (87 रन, 59 गेंद, आठ चौके, तीन छक्के) के अर्धशतक और शिवांशु के 41 रन की मदद से 18.3 ओवर में सात विकेट पर 190 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।
आरआर स्टेडियम पर राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी ने श्रेयांश प्रताप सिंह के तूफानी शतक और अमित बघेल व अमन सोनी के अर्धशतकों की मदद से मां पातेश्वरी यूनिवर्सिटी को 177 रन से हराया।
राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी ने पांच विकेट पर 289 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। श्रेयांश ने मात्र 37 गेंदों पर नौ चौके और 10 छक्कों से 107 रन बनाए। अमित बघेल ने नाबाद 60 और अमन सोनी ने 61 रन की पारी खेली। जवाब में मां पातेश्वरी यूनिवर्सिटी की टीम 12.1 ओवर में 112 रन पर सिमट गई।
रुद्रांश क्रिकेट अकादमी मैदान, गोमतीनगर पर महर्षि यूनिवर्सिटी ने श्री गुरु गोविंद सिंह त्रिचेन्त्री यूनिवर्सिटी को नौ विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए विपक्षी टीम नौ विकेट पर 106 रन ही बना सकी।
महर्षि यूनिवर्सिटी से सानू ने पांच विकेट झटके। जवाब में महर्षि यूनिवर्सिटी ने शोएब अख्तर की नाबाद 75 रन की शानदार पारी से 9.3 ओवर में एक विकेट पर 107 रन बनाकर मैच जीत लिया।
केए क्रिकेट ग्राउंड, जानकीपुरम पर कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी को पांच विकेट से शिकस्त दी। गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने यश चौधरी (68) के अर्धशतक की मदद से नौ विकेट पर 128 रन बनाए। कुरुक्षेत्र की ओर से आदित्य शर्मा ने तीन विकेट लिए। जवाब में यशवर्धन गौतम (50) और करनदीप (39) की पारियों से कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी ने 15.1 ओवर में पांच विकेट पर 129 रन बनाकर जीत हासिल की।
अन्य मुकाबलों में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा ने क्लस्टर यूनिवर्सिटी ऑफ जम्मू को 85 रन से हराया। महाराजा रणजीत सिंह पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने स्वामी विवेकानंद सुभारती यूनिवर्सिटी को 85 रन से शिकस्त दी।
जामिया हमदर्द यूनिवर्सिटी ने आईके गुजरात टेक्निकल यूनिवर्सिटी को नौ विकेट से पराजित किया, जबकि चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी ने दीनबंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी को दो विकेट से हराया।
मां शाकुंभरी यूनिवर्सिटी ने सोभान सिंह जीना यूनिवर्सिटी को आठ विकेट से और एचएनबी गढ़वाल यूनिवर्सिटी ने बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी को तीन विकेट से शिकस्त दी। एफएस यूनिवर्सिटी ने गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी को दो विकेट से, हरियाणा सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने गुरुग्राम यूनिवर्सिटी को 55 रन से और एचबीटीयू ने दून यूनिवर्सिटी को तीन विकेट से हराया।
सम्बंधित ख़बरें
सीएजी और साउथ सेंट्रल रेलवे ने रक्षापंक्ति ध्वस्त कर फाइनल में बनाई जगह
मैदान पर आक्रामक तेवर, गेंद पर मजबूत कब्जा और प्रतिद्वंद्वी की रक्षापंक्ति को भेदने की जबरदस्त जद्दोजहद। कभी तेज पासों से चकमा देकर हमला, तो कभी पेनाल्टी कॉर्नर पर सटीक निशाना।
पंजाब हॉकी लीग सीजन 3 के पहले दिन इन टीमों को मिली जीत
पंजाब हॉकी लीग के तीसरे संस्करण का गुरुवार को मोहाली स्थित ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ शानदार आगाज़ हुआ।
आईएफएल में शुक्रवार को डबल-हेडर में राजस्थान-चानमारी और मोहम्मडन-गोकुलम आमने-सामने
स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2026-27 के तहत शुक्रवार, 20 नवंबर को खेले जाने वाले 'डबल-हेडर' मुकाबलों में रोमांच चरम पर होगा।
मान्यता प्राप्त पत्रकार की दमदार जीत, अमर उजाला को 6 विकेट से हराया
मैन ऑफ द मैच आसिफ खान (73) की उम्दा अर्धशतकीय पारी की बदौलत मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश ने वरिष्ठ खेल पत्रकार संतोष सूरी की स्मृति में आयोजित इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जीत के साथ अभियान शुरू किया।
