द इंडियन व्यू

सीएजी और साउथ सेंट्रल रेलवे ने रक्षापंक्ति ध्वस्त कर फाइनल में बनाई जगह

मैदान पर आक्रामक तेवर, गेंद पर मजबूत कब्जा और प्रतिद्वंद्वी की रक्षापंक्ति को भेदने की जबरदस्त जद्दोजहद। कभी तेज पासों से चकमा देकर हमला, तो कभी पेनाल्टी कॉर्नर पर सटीक निशाना।

Prakhar
November 19, 2026
3 min read
सीएजी और साउथ सेंट्रल रेलवे ने रक्षापंक्ति ध्वस्त कर फाइनल में बनाई जगह

लखनऊ। मैदान पर आक्रामक तेवर, गेंद पर मजबूत कब्जा और प्रतिद्वंद्वी की रक्षापंक्ति को भेदने की जबरदस्त जद्दोजहद। कभी तेज पासों से चकमा देकर हमला, तो कभी पेनाल्टी कॉर्नर पर सटीक निशाना।

शूटआउट में पंजाब को 2-1 और पीएसबी को 2-1 से मिली शिकस्त

44वीं अखिल भारतीय केडी सिंह बाबू प्राइजमनी पुरुष हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में गुरुवार को ऐसा ही रोमांच देखने को मिला।

दोनों मुकाबलों में टीमों ने आखिरी दम तक संघर्ष किया। पहले सेमीफाइनल में सीएजी ने पंजाब (पीएनबी) को शूटआउट में 2-1 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे मुकाबले में साउथ सेंट्रल रेलवे (एससीआर) ने पीएसबी को 2-1 से हराकर खिताबी भिड़ंत का टिकट पक्का किया।

पहले सेमीफाइनल में दोपहर 12 बजे सीएजी और पंजाब के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। दोनों टीमें गेंद पर कब्जा जमाने और विपक्षी रक्षापंक्ति में सेंध लगाने के लिए लगातार हमले करती रहीं।

सीएजी ने 22वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बढ़त हासिल की। टीम के जर्सी नंबर 18 ने यह गोल दागा। इसके छह मिनट बाद 28वें मिनट में जर्सी नंबर 44 चिरन मेदप्पा ने शानदार फील्ड गोल कर सीएजी की बढ़त को 2-0 कर दिया।

दो गोल से पिछड़ने के बाद पंजाब ने भी हार नहीं मानी। खिलाड़ियों ने तालमेल के साथ जवाबी हमले तेज किए और सीएजी की रक्षापंक्ति पर दबाव बनाया।

मुकाबले के 56वें मिनट में जर्सी नंबर 14 गुरसिमरन सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर पंजाब को मुकाबले में वापस ला दिया। निर्धारित समय में स्कोर 2-2 होने के बाद फैसला शूटआउट से हुआ। यहां सीएजी के खिलाड़ियों ने संयम और चतुराई का परिचय देते हुए 2-1 से जीत दर्ज की।

दूसरे सेमीफाइनल में दोपहर दो बजे साउथ सेंट्रल रेलवे और पीएसबी के बीच जोरदार टक्कर हुई। दोनों टीमों ने गेंद पर नियंत्रण बनाने के साथ एक-दूसरे की रक्षापंक्ति को भेदने के लिए तेजी से हमले किए। पीएसबी ने 22वें मिनट में जर्सी नंबर 3 युवराज सिंह के पेनाल्टी कॉर्नर गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली।

एससीआर ने इसके बाद लगातार आक्रमण जारी रखे और बराबरी के मौके तलाशे। आखिरकार 50वें मिनट में जर्सी नंबर 86 लवप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर सटीक निशाना साधते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। बराबरी के बाद एससीआर ने विपक्षी टीम पर दबाव और बढ़ा दिया। इसका फायदा उसे दो मिनट बाद ही मिला।

52वें मिनट में जर्सी नंबर 20 प्रताप लाकरा ने पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर एससीआर को 2-1 की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके बाद पीएसबी ने बराबरी के लिए हमले किए, लेकिन एससीआर की रक्षापंक्ति ने उसे सफलता नहीं मिलने दी।

दोनों सेमीफाइनल के नतीजों के साथ ही प्रतियोगिता के फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। खिताबी मुकाबले में सीएजी और साउथ सेंट्रल रेलवे आमने-सामने होंगे। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में अपने आक्रामक खेल और दबाव में बेहतर प्रदर्शन के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

पंजाब हॉकी लीग सीजन 3 के पहले दिन इन टीमों को मिली जीत

पंजाब हॉकी लीग के तीसरे संस्करण का गुरुवार को मोहाली स्थित ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ शानदार आगाज़ हुआ।

लखनऊ यूनिवर्सिटी की 146 रन से शानदार दूसरी जीत, वीएमएसबी की हार

आदि आदेश शुक्ला (65) की उम्दा अर्धशतकीय पारी के बाद कप्तान नमन तिवारी की धारदार गेंदबाजी की बदौलत मेजबान लखनऊ यूनिवर्सिटी ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में दूसरी जीत अपने नाम की।

आईएफएल में शुक्रवार को डबल-हेडर में राजस्थान-चानमारी और मोहम्मडन-गोकुलम आमने-सामने

स्टार सीमेंट इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2026-27 के तहत शुक्रवार, 20 नवंबर को खेले जाने वाले 'डबल-हेडर' मुकाबलों में रोमांच चरम पर होगा।

मान्यता प्राप्त पत्रकार की दमदार जीत, अमर उजाला को 6 विकेट से हराया

मैन ऑफ द मैच आसिफ खान (73) की उम्दा अर्धशतकीय पारी की बदौलत मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश ने वरिष्ठ खेल पत्रकार संतोष सूरी की स्मृति में आयोजित इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जीत के साथ अभियान शुरू किया।