द इंडियन व्यू

नेपाल के सबसे गहरे 'शे-फोक्सुंडो' झील के पास भारी बर्फबारी में फंसे 6 भारतीय पर्यटक, नजरअंदाज की थी चेतावनी, तलाश जारी

लापता हुए 6 भारतीय पर्यटकों में 2 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। ये सभी नेपाल के डोल्पा जिले के डोल्पो बुद्ध और शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में ट्रेकिंग पर गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये पर्यटक नुमला पास (Numla Pass) और बाग्ला पास (Bagla Pass) के पहाड़ी रास्तों से गुजर रहे थे। स्थानीय गाइड्स का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात के प्रभाव और क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण ये लोग बर्फीले तूफान या रास्ते में फंस गए हैं।

Poonam Kumari
November 1, 2026
2 min read
नेपाल के सबसे गहरे 'शे-फोक्सुंडो' झील के पास भारी बर्फबारी में फंसे 6 भारतीय पर्यटक, नजरअंदाज की थी चेतावनी, तलाश जारी

काठमांडू ( अभिषेक सिंह ) : नेपाल के हिमालयी क्षेत्र से एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। नेपाल की सबसे गहरी झील 'शे-फोक्सुंडो' (Shey-Phoksundo) के ट्रैक पर गए 6 भारतीय पर्यटक भारी बर्फबारी के बाद लापता हो गए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि खराब मौसम और भारी बर्फबारी के बीच ये पर्यटक उच्च पर्वतीय दर्रों में फंस गए हैं।

लापता हुए 6 भारतीय पर्यटकों में 2 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं। ये सभी नेपाल के डोल्पा जिले के डोल्पो बुद्ध और शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में ट्रेकिंग पर गए थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये पर्यटक नुमला पास (Numla Pass) और बाग्ला पास (Bagla Pass) के पहाड़ी रास्तों से गुजर रहे थे। स्थानीय गाइड्स का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात के प्रभाव और क्षेत्र में हुई भारी बर्फबारी के कारण ये लोग बर्फीले तूफान या रास्ते में फंस गए हैं।

डोलपा की मुख्य जिला अधिकारी (CDO) जुनु हमल ने बताया कि स्थानीय लोगों ने खराब मौसम और बर्फबारी के चलते इन पर्यटकों को पर्वतीय दर्रों को पार करने से मना किया था और खतरनाक परिस्थितियों के प्रति आगाह भी किया था। इसके बावजूद पर्यटकों ने अपनी यात्रा जारी रखी, और डो से फोक्सुंडो झील की ओर लौटते समय यह हादसा हुआ।

शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के अध्यक्ष धावा समदुक गुरुंग ने बताया कि वार्ड नंबर 4 और 8 के बीच के पहाड़ी इलाकों में मोबाइल फोन का नेटवर्क काम नहीं करता है। सिग्नल न होने के कारण इन पर्यटकों की सटीक लोकेशन और उनकी वर्तमान स्थिति का पता लगाने में भारी कठिनाई आ रही है।

लापता पर्यटकों की तलाश और बचाव कार्य के लिए नेपाल सेना (Nepal Army) की एक टीम को तैनात किया गया है। जिला प्रशासन ने खराब मौसम और भारी बर्फबारी के बीच सर्च ऑपरेशन को तेज करने के लिए एक विशेष हेलीकॉप्टर की व्यवस्था करने का भी अनुरोध किया है।

इस घटना के बाद डोल्पा जिला प्रशासन ने अत्यधिक ठंड और खराब मौसम को देखते हुए अन्य पर्यटकों और ट्रेकर्स को जोखिम भरे इलाकों में न जाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सख्त सलाह दी है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें