द इंडियन व्यू

कार्लसन की बादशाहत पर खतरा, फाबियानो करुआना तेजी से पहुंचे करीब

पांच बार के विश्व शतरंज विजेता मैग्नस कार्लसन को यहां टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट के फास्ट क्लासिकल मुकाबले के तीसरे दिन आर्मेनिया के हाइक मार्टिरोस्यान के हाथों हार मिली, जिससे विश्व नंबर एक खिलाड़ी की उनकी 15 साल से बरकरार बादशाहत खतरे में पड़ गई है।

Prakhar
November 14, 2026
3 min read
कार्लसन की बादशाहत पर खतरा, फाबियानो करुआना तेजी से पहुंचे करीब

पांच बार के विश्व शतरंज विजेता मैग्नस कार्लसन को यहां टोटल चेस विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट के फास्ट क्लासिकल मुकाबले के तीसरे दिन आर्मेनिया के हाइक मार्टिरोस्यान के हाथों हार मिली, जिससे विश्व नंबर एक खिलाड़ी की उनकी 15 साल से बरकरार बादशाहत खतरे में पड़ गई है।

नॉर्वे के ग्रैंडमास्टर कार्लसन जुलाई 2011 से विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर काबिज हैं। हालांकि फास्ट क्लासिकल वर्ग में पांच मुकाबले ड्रॉ खेलने और एक हार झेलने के बाद उन्होंने 15.8 रेटिंग अंक गंवा दिए हैं और लाइव रेटिंग में उनके 2807.2 अंक रह गए हैं।

शानदार फॉर्म में चल रहे अमेरिका के फाबियानो करुआना तेजी से कार्लसन के करीब पहुंच रहे हैं। अमेरिकी ग्रैंडमास्टर ने पांच जीत और दो ड्रॉ के साथ 17 रेटिंग अंक हासिल किए हैं। उनके अब 2800 अंक हो गए हैं और वह कार्लसन से केवल 7.2 अंक पीछे हैं।

लाइव रेटिंग में वास्तविक समय के आधार पर बदलाव होता है जबकि अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) हर महीने आधिकारिक रेटिंग भी जारी करता है। मार्टिरोस्यान ने पहली बार किसी क्लासिकल फिडे रेटेड मुकाबले में कार्लसन का सामना किया और सफेद मोहरों से खेलते हुए पहले गेम में उन्हें 41 चाल में हरा दिया।

हालांकि दोनों ग्रैंडमास्टर के बीच दूसरी बाजी ड्रॉ रही। एक जीत और एक ड्रॉ के साथ मार्टिरोस्यान के 10 अंक हो गए हैं और उन्होंने ग्रुप सी में एकल बढ़त बना ली है। कार्लसन खिसककर पांचवें स्थान पर आ गए हैं।

प्रत्येक ग्रुप के शीर्ष चार खिलाड़ी खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे जबकि बाकी खिलाड़ी क्लासीफिकेशन मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। भारत के अर्जुन एरिगेसी ने अमेरिका के वेस्ली सो के खिलाफ एक जीत दर्ज की और एक बाजी ड्रॉ कराई।

पहले मुकाबले में भारतीय ग्रैंडमास्टर दबाव में थे लेकिन जीत की स्थिति में दिख रहे सो ने ड्रॉ का प्रस्ताव ठुकरा दिया। इसके बाद उनसे बड़ी गलती हुई और अगली ही चाल में उन्होंने हार स्वीकार कर ली।

तेइस वर्षीय एरिगेसी ग्रुप डी में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव और हेन्स नीमन हैं। भारत की आर वैशाली ने टूर्नामेंट के फास्ट क्लासिकल वर्ग में पहली जीत दर्ज की।

अगले साल चीन की जू वेनजुन को महिला विश्व चैंपियनशिप खिताब के लिए चुनौती देने वाली वैशाली ने सफेद मोहरों से खेलते हुए कजाखस्तान की ग्रैंडमास्टर बिबिसारा असौबायेवा को हराया।

वैशाली दिन की पहली बाजी में बिबिसारा से हार गई थीं। वह ग्रुप डी में अंतिम स्थान पर हैं।वैशाली के भाई आर प्रज्ञानानंदा का जीत का इंतजार जारी रहा। उन्होंने व्लादिस्लाव आर्टेमिएव के खिलाफ दोनों मुकाबले ड्रॉ खेले। भारतीय खिलाड़ी के अब चार अंक हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला

भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर

भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।