बुलंदशहर के ओलंपियन रोइंग खिलाड़ी अरविंद सिंह को अर्जुन अवार्ड, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खबरा गांव निवासी ओलंपियन रोइंग खिलाड़ी अरविंद सिंह को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के तहत अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में अरविंद सिंह सहित 17 खिलाड़ियों को यह पुरस्कार प्रदान किया।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खबरा गांव निवासी ओलंपियन रोइंग खिलाड़ी अरविंद सिंह को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 के तहत अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में अरविंद सिंह सहित 17 खिलाड़ियों को यह पुरस्कार प्रदान किया।
टोक्यो ओलंपिक और एशियन गेम्स में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं भारतीय सेना के सूबेदार अरविंद
वर्तमान में भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर तैनात अरविंद सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोइंग में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने टोक्यो ओलंपिक-2020 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए लाइटवेट डबल स्कल्स स्पर्धा में हिस्सा लिया था।
इसके बाद उत्तर प्रदेश के खेल प्रेमी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अरविंद को इकाना स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में ओलंपिक के पदक विजेता व प्रतिभागी खिलाड़ियों के साथ नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया था।
अरविंद ने ओलंपिक के बाद हांगझोऊ में 2023 में आयोजित एशियन गेम्स में अर्जुन लाल जाट के साथ लाइटवेट डबल स्कल्स में रजत पदक जीता था।
अरविंद सिंह ने 2021 में थाईलैंड में आयोजित एशियन रोइंग चैंपियनशिप में लाइटवेट सिंगल स्कल्स में स्वर्ण पदक हासिल किया था। वहीं, 2022 की एशियन रोइंग चैंपियनशिप में लाइटवेट डबल स्कल्स में स्वर्ण पदक जीता।
इसके अलावा 2023 में गोवा में आयोजित नेशनल गेम्स में अर्जुन लाल जाट के साथ लाइटवेट डबल स्कल्स में स्वर्ण पदक हासिल किया था। वह एशियन रोइंग चैंपियनशिप और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कई स्वर्ण और रजत पदक जीत चुके हैं।
आज सम्मान समारोह के दौरान रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं एशियन रोइंग फेडरेशन के उपाध्यक्ष बालाजी मरादप्पा भी राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में मौजूद रहे। उन्होंने और फेडरेशन के महासचिव शुभाशीष मुखर्जी व फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नवाबुद्दीन ने भी अरविंद सिंह को अर्जुन अवार्ड मिलने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के सचिव और रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष सुधीर शर्मा ने अरविंद सिंह को अर्जुन अवार्ड मिलने को प्रदेश और भारतीय रोइंग के लिए गौरवपूर्ण पल बताया। उन्होंने बताया कि अरविंद सिंह का यहां तक पहुंचने का सफर संघर्षों से भरा रहा है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले अरविंद वर्ष 2016 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। सेना में आने से पहले उनका रोइंग से कोई परिचय नहीं था।
उनकी लंबाई और शारीरिक क्षमता को देखते हुए सेना के कोच ने उन्हें इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने पुणे स्थित आर्मी रोइंग नोड में प्रशिक्षण लिया और अपनी मेहनत तथा प्रदर्शन के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।
अरविंद सिंह की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय सहित उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन के संरक्षक पवन सिंह चौहान (एमएलसी), अध्यक्ष रानी पक्षालिका सिंह (विधायक), चेयरमैन रेणुका मिश्रा (आईपीएस), चयन समिति के चेयरमैन आदित्य मिश्रा (सेवानिवृत्त आईपीएस) तथा संरक्षक मंडल के सदस्य डॉ. आरपी सिंह (सेवानिवृत्त आईपीएस), राजीव त्रिवेदी (सेवानिवृत्त आईपीएस), विनोद कुमार सिंह (आईपीएस), डॉ. आरके स्वर्णकार (आईपीएस) और दीपक कुमार (आईपीएस) ने भी बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्बंधित ख़बरें
सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।
