द इंडियन व्यू

पाकिस्तान के खिलाफ चमके आर्यवीर सहवाग, पिता वीरेंद्र की राह पर बढ़ाया कदम

पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप का फाइनल आर्यवीर सहवाग के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच बना।

Prakhar
November 15, 2026
4 min read
पाकिस्तान के खिलाफ चमके आर्यवीर सहवाग, पिता वीरेंद्र की राह पर बढ़ाया कदम

पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप का फाइनल आर्यवीर सहवाग के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का बड़ा मंच बना।

युवा भारतीय सलामी बल्लेबाज ने शनिवार को अल अमेरात में खेले गए खिताबी मुकाबले में शानदार अर्धशतक जड़कर दिखाया कि बड़े मैचों में दमदार प्रदर्शन करने का हुनर उन्हें विरासत में मिला है। हालांकि, उनकी प्रतिभा को लेकर पहले भी कोई संदेह नहीं था, लेकिन पिता वीरेंद्र सहवाग की तरह दबाव भरे मुकाबलों में चमकने की उनकी क्षमता ने सभी का ध्यान खींचा।

भारत ने आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर रिकॉर्ड नौवीं बार जूनियर एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।

अपने पिता की तरह पारी की शुरुआत करने वाले आर्यवीर ने 58 रन बनाए और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी (80) के साथ 17.4 ओवर में 95 रन की अहम साझेदारी की। इस मजबूत शुरुआत ने भारत को 338 रन के विशाल लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने में काफी मदद की।

दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पांच पारियों में 90.25 के औसत से कुल 361 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया। 4 साल बाद कोई भारतीय अंडर-19 एशिया कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बना। आखिरी बार 2021 में यह अवॉर्ड हरनूर सिंह ने जीता था।

पुरुष अंडर-19 एशिया कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट

1989 - अवार्ड नहीं मिला

2003: इरफ़ान पठान

2012: समी असलम

2013-14: कामरान गुलाम

2016: हिमांशु राणा

2017: मुजीब उर रहमान

2018: यशस्वी जायसवाल

2019: अर्जुन आजाद

2021: हरनूर सिंह

2023: आशिकुर रहमान

2024: इकबाल हुसैन इमोन

2025: समीर मिन्हास

2026: आर्यवीर सहवाग

आर्यवीर ने कहा कि टीम को लक्ष्य हासिल करने का पूरा भरोसा था। उन्होंने कहा, ''ड्रेसिंग रूम में हमारी चर्चा यही थी कि पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी है और यह कोई बहुत बड़ा स्कोर नहीं है। अगर हम सामान्य तरीके से बल्लेबाजी करें और अपने स्वाभाविक शॉट खेलें तो लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं। हमें हमेशा विश्वास था कि हम इस लक्ष्य का पीछा कर लेंगे। ''

इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज ने लीग मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ 160 रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ 51 रन की पारी खेली। भारत के लिए ये दोनों मुकाबले जीतना बेहद जरूरी था।

इन पारियों ने कम उम्र में उनके मजबूत इरादों और दबाव में खेलने की क्षमता को साबित किया। आर्यवीर ने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और निचले क्रम के बल्लेबाजों मोहित उल्वा तथा मनल चौहान की भी तारीफ की जिन्होंने मुश्किल लक्ष्य का शानदार तरीके से पीछा किया।

उन्होंने कहा, ''टीम की बैठकों में हम इस बात पर चर्चा करते हैं कि आखिरी 10 ओवर में 100 या 120 रन का पीछा कैसे किया जा सकता है क्योंकि पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी। ऐसे में किसी एक बल्लेबाज का आखिर तक टिके रहना जरूरी था। ''

उन्होंने कहा, ''लक्ष्य ने यह काम बखूबी किया। इसके लिए उनकी जितनी तारीफ की जाए कम है। आखिरी में मोहित और मनल ने जो किया, वह शानदार था। वे भी बधाई के हकदार हैं। ''

युवा बल्लेबाज को अपनी पारी की शुरुआत में कोहनी पर दर्दनाक चोट भी लगी थी, लेकिन उन्होंने दर्द के बावजूद बल्लेबाजी जारी रखी और शानदार अर्धशतक लगाया।

उन्होंने कहा, ''मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैंने अभी क्या देखा है। मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं। जब भी भारत और पाकिस्तान का मुकाबला होता है, भावनाएं बहुत ऊंचे स्तर पर होती हैं। पिछले मैच में मैं उनके खिलाफ आउट हो गया था, इसलिए आज मैं रन बनाना चाहता था। ''

उन्होंने कहा, ''दर्द हो रहा था, लेकिन मुझे पता था कि अगर मैं क्रीज पर टिका रहा तो पाकिस्तान पर दबाव बना रहेगा। अब मेरे हाथ में कोई दर्द नहीं है। '' अगर आर्यवीर इसी तरह अपने करियर में आगे बढ़ते रहे तो आने वाले समय में कई गेंदबाजों को उनकी बल्लेबाजी से परेशानी हो सकती है। भारतीय क्रिकेट में युवा सहवाग का स्वागत है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला

भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर

भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।