फिट इंडिया ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ का 99वां संस्करण आयोजित, 29 नवंबर को होगा ऐतिहासिक 100वां आयोजन
फिट इंडिया मूवमेंट एक ऐतिहासिक उपलब्धि के करीब पहुंच रहा है। इसी क्रम में रविवार को गांधीनगर में फिट इंडिया ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ के 99वें संस्करण का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया।

गांधीनगर: फिट इंडिया मूवमेंट एक ऐतिहासिक उपलब्धि के करीब पहुंच रहा है। इसी क्रम में रविवार को गांधीनगर में फिट इंडिया ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ के 99वें संस्करण का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया।
केंद्रीय खेल मंत्री ने साइक्लिंग को राष्ट्रीय जुनून और जीवनशैली का हिस्सा बनाने का किया आह्वान; फिटनेस, नशामुक्त युवा और सतत जीवनशैली को विकसित भारत 2047 के विजन से जोड़ा
इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी नागरिकों, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों के साथ इस सामूहिक फिटनेस अभियान में शामिल हुए।
संविधान दिवस की थीम पर विशेष संस्करण का आयोजन साई क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर द्वारा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के चिंतन शिविर के साथ किया गया; संविधान दिवस से पहले देशभर में 26,000 स्थानों पर गतिविधियां आयोजित
भारतीय खेल प्राधिकरण, क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर द्वारा प्रतिष्ठित दांडी कुटीर और महात्मा मंदिर परिसर में आयोजित यह विशेष संस्करण संविधान दिवस की भावना को समर्पित रहा, जिसे प्रतिवर्ष 26 नवंबर को मनाया जाता है।
अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस पदक विजेता, फिट इंडिया एंबेसडर और चैंपियंस भी समारोह में हुए शामिल; 29 नवंबर को होने वाले ऐतिहासिक 100वें संस्करण की तैयारियां तेज
यह कार्यक्रम भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के चिंतन शिविर के साथ आयोजित किया गया, जिसने शारीरिक स्वास्थ्य, नागरिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के बीच संबंध को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पंजाब के श्रम मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद और भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव चंद्रभूषण कुमार भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन इसलिए भी विशेष रहा क्योंकि देशव्यापी ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल अपने ऐतिहासिक 100वें संस्करण से पहले अंतिम सप्ताह में प्रवेश कर चुकी है, जिसका आयोजन 29 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
संविधान दिवस से पहले रविवार को देशभर में 26,000 स्थानों पर इस पहल के आयोजन के साथ यह अभियान फिटनेस, पर्यावरण जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाले जन आंदोलन के रूप में अपनी बढ़ती पहुंच को प्रदर्शित कर रहा है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने फिटनेस को राष्ट्र निर्माण की सामूहिक जिम्मेदारी बताया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में युवाओं की फिटनेस की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। हमारे युवा इस परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति होंगे और विकसित भारत की नींव एक स्वस्थ, फिट और नशामुक्त युवा पीढ़ी पर आधारित होनी चाहिए। यही फिट इंडिया मूवमेंट का मूल उद्देश्य है।
आज हम संडेज़ ऑन साइकिल का 99वां संस्करण मना रहे हैं और 26 नवंबर को संविधान दिवस से पहले देशभर में 26,000 स्थानों पर इस पहल का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से हम यह सशक्त संदेश दे रहे हैं कि फिटनेस केवल व्यक्तिगत पसंद नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी है।”
साइक्लिंग को केवल साप्ताहिक गतिविधि तक सीमित न रखते हुए भारतीय फिटनेस संस्कृति का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा: “मैं चाहता हूं कि साइक्लिंग हमारे युवाओं के बीच एक फैशन बने, प्रत्येक नागरिक का जुनून बने और हमारी रोजमर्रा की जीवनशैली का स्वाभाविक हिस्सा बने।
साइक्लिंग प्रदूषण का समाधान, यातायात की भीड़ का विकल्प और स्वस्थ एवं सतत भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण मार्ग है। वर्ष 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी के हमारे लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए हमें ऐसी संस्कृति विकसित करनी होगी, जहां फिटनेस और खेल दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा हों।
अगले रविवार, 29 नवंबर को हम संडेज़ ऑन साइकिल का ऐतिहासिक 100वां संस्करण मनाएंगे। हर बड़े आंदोलन की शुरुआत छोटे कदमों से होती है।
जिस प्रकार पानी की असंख्य बूंदें मिलकर सागर बनाती हैं, उसी प्रकार प्रत्येक रविवार नागरिकों की सहभागिता ने इस पहल को एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन में बदल दिया है। यही सामूहिक भावना फिट इंडिया के निर्माण और विकसित भारत के सपने को साकार करने में हमारी मदद करेगी।”
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने पहल में बढ़ती जनभागीदारी की सराहना की
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने इस पहल में बढ़ती जनभागीदारी की सराहना करते हुए फिटनेस को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाने के लिए डॉ. मनसुख मांडविया की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट देशभर के नागरिकों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
डॉ. मनसुख मांडविया स्वयं प्रत्येक रविवार साइकिल चलाकर संडेज़ ऑन साइकिल का नेतृत्व कर रहे हैं, चाहे वे देश में कहीं भी हों। उनकी यह प्रतिबद्धता दर्शाती है कि फिटनेस किसी विशेष स्थान या अवसर तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “संडेज़ ऑन साइकिल केवल लोगों को साइक्लिंग कार्यक्रम के लिए एकत्रित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य साइक्लिंग को फिटनेस का पसंदीदा माध्यम, जीवनशैली का विकल्प और गौरव का विषय बनाना है।
गांधीनगर में 99वें संस्करण में लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी इस आंदोलन की सफलता और नागरिकों के बढ़ते उत्साह का प्रमाण है। मुझे विश्वास है कि यह पहल लाखों लोगों, विशेषकर युवाओं को नियमित रूप से साइकिल चलाने और स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करती रहेगी।”
गांधीनगर के प्रतिष्ठित स्थलों पर फिटनेस का उत्सव
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे दांडी कुटीर में ऊर्जावान जुम्बा सत्र के साथ हुई। इसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस सत्र ने यह संदेश दिया कि शारीरिक गतिविधियों को आनंददायक, समावेशी और दैनिक जीवन का सहज हिस्सा बनाया जा सकता है।
फिटनेस सत्र के बाद लगभग 2.5 किलोमीटर की साइक्लिंग रैली आयोजित की गई। दांडी कुटीर से शुरू हुई यह रैली महात्मा मंदिर तक गई और पुनः प्रारंभिक स्थल पर लौटी। इस दौरान पूरा परिसर फिटनेस, सामूहिक सहभागिता और सक्रिय जीवनशैली के उत्सव में बदल गया।
संविधान दिवस की थीम ने कार्यक्रम को एक विशेष आयाम प्रदान किया। इसने सामूहिक जिम्मेदारी, राष्ट्रीय एकता और नागरिक सहभागिता के आदर्शों को एक मंच पर लाया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि सक्रिय और जिम्मेदार नागरिकों से निर्मित स्वस्थ समाज देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण आधार है।
अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस पदक विजेताओं ने प्रतिभागियों को किया प्रेरित
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले तीन प्रतिष्ठित सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ियों आध्या तिवारी, जय मीना और अनिकेत पटेल की उपस्थिति ने समारोह को विशेष खेल आयाम प्रदान किया। इन खिलाड़ियों ने खेल जगत में भारत की उपलब्धियों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान को प्रदर्शित किया।
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम की रहने वाली और वर्तमान में मुंबई में आयकर विभाग में कार्यरत आध्या तिवारी सॉफ्ट टेनिस में भारत की नंबर-1 और विश्व की नंबर-3 खिलाड़ी हैं। उनके नाम 22 अंतरराष्ट्रीय पदक दर्ज हैं।
उन्होंने जय मीना के साथ दक्षिण कोरिया के आनसॉन्ग में आयोजित 2024 विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में मिश्रित युगल कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। यह इस चैंपियनशिप में भारत का पहला पदक था।
इस जोड़ी ने 2025 एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में भी कांस्य पदक जीता। विक्रम पुरस्कार (2023) और एकलव्य पुरस्कार से सम्मानित आध्या 2022 और 2026 एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
मध्य प्रदेश के देवास के जय मीना ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में पुरुष एकल वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारतीय खेल इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया।
यह सॉफ्ट टेनिस में एशियाई खेलों का भारत का पहला पदक था। वह आध्या तिवारी के साथ 2024 विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप और 2025 एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में ऐतिहासिक मिश्रित युगल कांस्य पदक जीतने वाली जोड़ी का हिस्सा भी रहे हैं। इस जोड़ी ने इससे पहले 2022 राष्ट्रीय खेलों में मिश्रित युगल स्वर्ण पदक जीता था।
अहमदाबाद के अनिकेत पटेल पूर्व भारत नंबर-1 सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी हैं और लगातार तीन एशियाई खेलों, 2018, 2022 और 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उनके नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक दर्ज हैं।
उनकी प्रमुख उपलब्धियों में 2025 पोलैंड कप में मिश्रित युगल स्वर्ण, 2024 जर्मन कप में पुरुष युगल स्वर्ण और पुरुष एकल रजत, 2024 पोलैंड कप में दो कांस्य पदक, 2024 आईएसटीएफ विश्व टूर थाईलैंड में पुरुष युगल कांस्य तथा दक्षिण एशियाई चैंपियनशिप के पदक शामिल हैं।
इन खिलाड़ियों की उपस्थिति ने अंतरराष्ट्रीय खेल उपलब्धियों को जमीनी स्तर पर फिटनेस प्रोत्साहन से जोड़ने का अवसर प्रदान किया और विशेष रूप से युवा प्रतिभागियों को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में फिट इंडिया एंबेसडर राकेश सैनी और भीष्म मधानी तथा फिट इंडिया चैंपियंस भानु और उर्वी ने भी भाग लिया, जिससे फिटनेस फॉर ऑल का संदेश और मजबूत हुआ।
साप्ताहिक साइक्लिंग पहल से राष्ट्रव्यापी फिटनेस आंदोलन तक
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा दिसंबर 2024 में शुरू की गई फिट इंडिया ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल ने एक साप्ताहिक साइक्लिंग गतिविधि से आगे बढ़कर राष्ट्रव्यापी आंदोलन का रूप ले लिया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को फिटनेस, सतत आवागमन और सामुदायिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करना है।
इस पहल ने विभिन्न आयु वर्गों और व्यवसायों से जुड़े नागरिकों को एक मंच पर लाते हुए प्रत्येक रविवार साइक्लिंग और अन्य शारीरिक गतिविधियों के लिए समय निकालने के लिए प्रोत्साहित किया है।
साइक्लिंग के अलावा इसके विभिन्न संस्करणों में योग, जुम्बा, वार्म-अप सत्र, पारंपरिक भारतीय खेल और मनोरंजक खेल गतिविधियां भी आयोजित की गई हैं, जिससे विभिन्न फिटनेस रुचियों और क्षमताओं वाले लोगों को समावेशी मंच मिल सके।
गांधीनगर में आयोजित 99वां संस्करण इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। वहीं, 29 नवंबर को आयोजित होने वाला 100वां संस्करण फिटनेस को राष्ट्रीय सामूहिक प्रतिबद्धता बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगा।
फिट इंडिया – संडेज़ ऑन साइकिल के बारे में
फिट इंडिया ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित एक प्रमुख सामुदायिक फिटनेस पहल है। इसमें साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, नवव्रति फाउंडेशन, फिटस्पायर, सेंटर फॉर इंटीग्रेटिव हेल्थ, माय भारत तथा अन्य सहयोगी संस्थाओं की भागीदारी रहती है।
यह पहल देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में साई क्षेत्रीय केंद्रों, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों, साई प्रशिक्षण केंद्रों, खेलो इंडिया राज्य उत्कृष्टता केंद्रों, खेलो इंडिया केंद्रों और सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से आयोजित की जाती है।
“फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज़” के संदेश के साथ यह अभियान नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधियों के लिए समर्पित करने तथा साइक्लिंग को सुलभ, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार और सतत जीवनशैली के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करता है।
भारतीय खेल प्राधिकरण, क्षेत्रीय केंद्र गांधीनगर, सामुदायिक फिटनेस, खिलाड़ियों की सहभागिता, खेल उत्कृष्टता और जनभागीदारी को जोड़ने वाली पहलों के माध्यम से फिट इंडिया और विकसित भारत के व्यापक राष्ट्रीय लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
सम्बंधित ख़बरें
सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।
